समस्तीपुर। जिले के विभूतिपुर थाना अंतर्गत समर्था कल्याणपुर चौक से आगे पेट्रोल पंप के पास, एक तेज गति अनियंत्रित कार की चपेट में आकर, बीएलओ की ट्रेनिंग के लिए विभूतिपुर प्रखंड मुख्यालय जा रही महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गयी।

जिसे स्थानीय लोगों ने तत्काल जख्मी महिला को ईलाज के लिए, अनुमंडल मुख्यालय के एक निजि अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेगुसराय रेफर कर दिया। जहां ले जाने के क्रम में उसकी मौत रास्ते में ही हो गयी। मृत महिला आंगनबाड़ी सेविका बतायी जा रही है।
मृत महिला की पहचान, दलसिंहसराय थाना अंतर्गत मालपुर पुरवरिया टोला वार्ड 05 निवासी, रामधारी दास की 45 वर्षिया पत्नी रुक्मिणी देवी के रूप में की गयी है। घटना शुक्रवार 23 मई की दोपहर बाद की बतायी जा रही है। घटना के बाद मृत सेविका की साथी सेविकाओं ने, रामपुर जलालपुर तेल डिपो के पास एसएच-88 पर, मृत सेविका के शव को रखकर घंटों सड़क जाम कर दिया, तथा मृतिका के परिजनों को सरकारी नौकरी व उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।
उधर घटना की सुचना मिलने के बाद दलसिंहसराय बीडीओ, दलसिंहसराय थानाध्यक्ष व दलसिंहसराय सीडीपीओ जामस्थल पर पहुंच, आक्रोशित सेविकाओं व परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। तब जाकर सड़क जाम समाप्त करवाया जा सका। जिसके बाद दलसिंहसराय पुलिस ने, मृत सेविका के शव को अपने कब्जे में लेकर, पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।
सड़क जाम के कारण एसएच- 88 पर करीब 3 घंटों तक यातायात बाधित रहा। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका रुक्मिणी देवी अपने घर मालपुर से विभूतिपुर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी होकर यात्री वाहन का ईंतजार कर रही थी।
इसी दौरान दलसिंहराय की ओर से आ रही तेज गति अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। जिसे स्थानीय लोगों के द्वारा ईलाज के लिए स्थानीय क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए, बेगुसराय रेफर कर दिया गया। जहां ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी। जामस्थल पर आक्रोशित सेविकाएं स्थानीय सीडीपीओ व स्थानीय बीडीओ पर काफी गंभीर आरोप भी लगाते देखे गए।







