समस्तीपुर। समस्तीपुर नगर निगम के वार्ड 47 के पास हुई भीषण सड़क हादसे में एक स्कूली बच्चे की मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर जमकर धुनाई करने के बाद, घटनास्थल पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण दोषी ट्रक चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई व पिड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। मृत बच्चे की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लगुनियां रघुकंठ गांव निवासी, दुक्खन सिंह के 10 वर्षिय पुत्र सिनोद कुमार सिंह के रूप में की गयी है।
घटना शनिवार 24 मई की देर शाम करीब 6 बजे की बतायी जा रही है। घटना के संबंध में स्थानीय ग्रामीण का बताना है कि, मृतक काली मंदिर की ओर से आकर अपने घर की तरफ जा रहा था, तथा एक तेज गति अनियंत्रित ट्रक चालक बालाजी चौक की ओर से आकर समस्तीपुर की ओर जा रहा था।
अचानक इसी दौरान ट्रक ने उक्त साईकिल सवार बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया, और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। वहीं घटना की सुचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाने की पुलिस, घटनास्थल पर पहुंच आक्रोशित स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, तथा मृत बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज मामले की छानबीन में जूट गये हैं।
वहीं इस घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मुफस्सिल अजित कुमार का बताना है कि, सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो गयी है। हादसे में शामिल ट्रक को जप्त कर लिया गया है, तथा चालक को हिरासत में ले लिया गया है। अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।







