समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित खाद्यान गोदाम पर, शुक्रवार 05 दिसम्बर को भाकपा माले उजियारपुर प्रखंड कमिटी के नेतृत्व में, रायपुर पंचायत भवन के पास स्थित शिव मंदिर परिसर से प्रतिरोध मार्च निकाल कर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी खाद्यान्न माफिया को संरक्षण देने वाले एजीएम और राशन आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को जेल में बंद करने, बी.सी.ओ. को बर्खास्त करने, खाद्यान्न गोदाम के ठिकेदार भोला साह के अवैध सम्पत्ति की जांच कराने आदि मांगों से संबंधित नारे भी लगा रहे थे।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता फूलबाबू सिंह ने कहा कि, वोट चोरों की डबल इंजन की सरकार अब गरीबों को मिलने वाली आहार राशन को भी चुराकर काला बाजार में बेचवाने का काम कर रही है। गोदाम से जनवितरण विक्रेता को सही वजन से राशन आपूर्ति करने के जगह पर गोदाम को बंद कर पदाधिकारी फरार हो गए हैं, लेकिन भाकपा-माले गरीबों की इस हकमारी को बर्दाश्त नही करेगी, और इन राशन चोरों के खिलाफ 22 दिसंबर से अनिश्चितकालीन अनशन भी शुरू करेगी।
इस दौरान भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार ने कहा कि, भाजपा- जदयू की सरकार गरीबों के घर को उजाड़ने में लगी हुई है। सरकार को चाहिए कि, सबसे पहले सभी भूमिहीन परिवारों को बसने के लिए 5 डिसमिल जमीन दे, उसके बाद किसी कार्रवाई के बारे में सोचे। इस दौरान माले प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने पीएचडी विभाग के जेई धनंजय कुमार द्वारा खराब पड़े जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरूस्त करने के नाम पर लाखों रूपए की निकासी की जांच कर, हर घर नल का जल आपूर्ति करने की मांग को लेकर आन्दोलन तेज करने का आह्वान किया है।
मौके पर युवा नेता पप्पू यादव, राहुल राय, तनंजय प्रकाश, अर्जून दास, मुन्ना दास, मोहम्मद सकूर, रामसगून सिंह, रोहित कुमार पासवान, तीलो सदा, रामप्रीत सहनी, फूलन देवी, विजय कुमार राम, प्रवीण आनंद , शमीम मंसूरी, मोहम्मद उस्मान, बब्लू दास सहित सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद थे।







