दलसिंहसराय। अनुमंडल क्षेत्र के उजियारपुर थाना परिसर में, रविवार 20 दिसम्बर की देर शाम थानाध्यक्ष उजियारपुर अजीत कुमार की कार्यशैली के खिलाफ शुरू की गयी धरना रविवार 20 दिसम्बर की रात करीब 8 बजे एसडीपीओ दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा के आश्वासन पर समाप्त हो गया।

आपको बता दें कि, उजियारपुर थाना क्षेत्र के लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 04 में, आपसी विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने थाना को आवेदन देकर कार्रवाई का मांग किया था। उक्त आवेदन के आलोक में ही रविवार 20 दिसम्बर को उजियारपुर थाना में पदस्थापित एक पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर जांच मे गये थे।
जहां जांच के क्रम मे एक युवती के साथ पुलिस पदाधिकारी के द्वारा दुर्व्यवहार का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया था। जिसका विरोध स्थानीय भाकपा माले के आईसा नेता रोहित कुमार के द्वारा किया गया था। जिसके बाद उक्त छात्र नेता को पुलिस पदाधिकारी के द्वारा हिरासत में लेते हुए थाने लाया गया था।
जिसके विरोध में दर्जनों की संख्या में भाकपा माले नेता थाना पर पहुंच थाना परिसर में ही धरना पर बैठ गए, तथा पुलिस प्रशासन विरोधी नारे लगाते हुए, दलसिंहसराय डीएसपी को थाना पर बुलाने की मांग करने लगे। उधर सुचना मिलने के बाद एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और धरनार्थियों से बातचीत करते हुए, उचित जांच का भरोसा दिया।
जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस संबंध में पुछे जाने पर भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य महावीर पोद्दार ने बताया कि, उजियारपुर थाना के द्वारा छात्र नेता रोहित पासवान को हिरासत में ले लिया गया था। जिसके विरोध में वहलोग थाना परिसर में धरना पर बैठ गए थे। हालांकि धरना पर बैठने के करीब 3 घंटा बाद एसडीपीओ मौके पर पहुंचे, तथा इस मामले की निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिया, तथा उनके छात्र नेता को बाईज्जत छोड़ दिया।
जिसके बाद वहलोग भी धरना को समाप्त कर दिए हैं। वहीं एसडीपीओ दलसिंहसराय विवेक कुमार शर्मा का बताना है कि, उजियारपुर पुलिस एक मारपीट मामले में थाना में दर्ज एक प्राथमिकी की जांच करने लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के वार्ड 04 में गयी थी। जहां से एक युवक को पुछताछ के लिए थाना लाया गया था। जिसके कारण कुछ राजनितिक दल के लोग थाना परिसर में ही धरना पर बैठ गए थे।
जिसकी सुचना मिलने के बाद वह उजियारपुर थाना पहुंचे थे। धरना पर बैठे लोगों ने उजियारपुर थाना के ही एक पुलिस पदाधिकारी पर एक युवती के साथ दुर्व्यवहार करने व एक युवक के साथ मारपीट करते हुए थाना लाने का आरोप लगाया है। जिसकी जांच करायी जाएगी और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। मौके पर भाकपा माले नेता फूलबाबू सिंह, महावीर पोद्दार, गंगा प्रसाद, अर्जुन दास, रोहित कुमार पासवान सहित अन्य लोग मौजूद थे।







