पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट (साइंस) का रिजल्ट जारी होते ही पूरे बिहार में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार समस्तीपुर जिले के आदित्य प्रकाश अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार टॉपर बनकर जिले का नाम रोशन किया है।

टॉपर बनने की खबर मिलते ही आदित्य के घर में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी है, हर कोई उन्हें बधाई देने पहुंच रहा है।
आदित्य की प्रारंभिक शिक्षा उनके मौसा के घर रहकर एक सरकारी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई सिमुलतला से पूरी की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने उच्च माध्यमिक विद्यालय, पांड़ से पूरी की, जहां उन्हें शिक्षकों का भरपूर सहयोग मिला।
अपनी सफलता का श्रेय आदित्य ने अपनी माता-पिता, राधा रानी, सिमुलतला के सभी शिक्षकों तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि विद्यालय के शिक्षकों ने विशेष रूप से संस्कृत विषय के लिए जरूरी नोट्स उपलब्ध कराए, जिससे उनकी तैयारी और मजबूत हुई।
आदित्य की इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समस्तीपुर जिले में गर्व और खुशी का माहौल है।







