समस्तीपुर। शहर में रामनवमी के अवसर पर हिन्दू पुत्र संगठन एवं श्रीराम सेना कमेटी के द्वारा, मंगलवार 31 मार्च को प्रतिमा विसर्जन को लेकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हाथी-घोड़ गाजे-बाजे, ढोल-ताशे और बैंड की धुन पर निकली इस शोभायात्रा में, शहर के श्रीराम भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भक्त अपने-अपने हाथों में भगवा ध्वज लिए “जय श्रीराम” के नारे लगाते भी नजर आ रहे थे। भक्तों का यह उद्घोष पूरे शहर को भक्तिमय बना रहा था।

इस शोभायात्रा के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, वीर हनुमान व हर हर महादेव के जयकारों से शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस शोभा-यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्त पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के साथ युद्ध कला का आकर्षक प्रदर्शन करते भी देखे गए। वहीं बैंड-बाजे की धुन पर महिला श्रद्धालू भी झूमते नजर आए। इस दौरान शहर की सड़कों पर दोनों ओर शोभायात्रा देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जबकि अपने-अपने घरों की छतों से श्रद्धालू भक्तों ने शोभा-यात्रा में शामिल लोगों पर फूल बरसाकर स्वागत किया।

हिन्दू पुत्र संगठन की ओर से यह शोभा-यात्रा पंजाबी कॉलोनी मोहल्ला से निकाली गयी। जिस शोभायात्रा में दर्जनों घुड़सवार आगे-आगे चल रहे थे। उनके पीछे सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु-भक्त भगवा ध्वज के साथ जयघोष करते हुए चल रहे थे। इस शोभा-यात्रा में रथ पर सवार श्रीराम, माता सीता व राम दरबार की आकर्षक झांकी आकर्षण का केंद्र बना रहा।

पंजाबी कॉलोनी से शुरू हुई यह शोभा-यात्रा ताजपुर रोड, काशीपुर रोड, लखना चौक, कचहरी रोड, स्टेडियम गोलंबर, ओवरब्रिज, चीनी मिल चौक, पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड, रामबाबू चौक, स्टेशन चौक, मारवाड़ी बाजार और गोला बाजार होते हुए मगरदही घाट पहुंचकर संपन्न हो गयी। वहीं, गोला बाजार स्थित भूतनाथ मंदिर से भी रामनवमी के अवसर पर एक अन्य भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। भूतनाथ मंदिर से निकाली गयी यह शोभा-यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए चीनी मिल चौक पहुंची। जहां से दोनों संगठनों ने संयुक्त रूप से इस शोभायात्रा का आयोजन किया।

इस शोभा-यात्रा में नगर निगम की मेयर अनिता राम, समस्तीपुर विधायक अश्वमेध देवी, समस्तीपुर विधानसभा क्षेत्र के पुर्व विधायक प्रत्याशी चेतना झांब, हिन्दु पुत्र संगठन के जिलाध्यक्ष अविनाश सिंह “बादल” राजीव ब्रह्मॠषि, बाबा यादव, कृष्णा रमन, कौशिकेश गौतम, हिन्दु पुत्र संगठन के प्रदेश महामंत्री संजीव रंजन, कुंदन कुमार, नितेश ठाकुर, सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु-भक्त मौजूद रहे।








