समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना का, मोहिउद्दीननगर पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए, एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूट की रकम व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है।

उक्त जानकारी डीएसपी पटोरी ने शुक्रवार 10 अप्रैल को आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दिया। प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए डीएसपी पटोरी ने बताया कि, पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद नन्हु साह, जो गांव-गांव घूमकर खस्सी (बकरा) खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते हैं, से 9 अप्रैल को दिन के करीब 12:30 बजे भारत चिमनी बलुआही के समीप, एक अज्ञात बाइक सवार अपराधी ने डराकर 21 हजार 5 सौ रुपये लूट लिए थे।
सुचना मिलने के बाद मोहिउद्दीननगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन करते हुए, पिड़ित के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के क्रम में प्राप्त मानवीय आसुचना व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर घटना में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल व लूटी गयी रकम में से 6500 रूपए नकद बरामद कर लिया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के टेढ़ी बाजार निवासी, फुदन खान के पुत्र सलीम खान उर्फ पोला के रूप में की गयी है। पटोरी डीएसपी ने यह भी बताया कि, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में लूटकांड में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है। गिरफ्तार बदमाश के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। उक्त घटना के सफल उद्भेदन में, मोहिउद्दीननगर थाना की अपर थानाध्यक्ष अन्नु सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रामकुमार, प्रशिक्षु अवर निरीक्षक नितीश कुमार, सिपाही मोहम्मद रेयाज एवं चौकीदार गंधर्व गौरव कुमार शामिल रहे।







