समस्तीपुर। गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने यात्रियों को बड़ी सुविधा दी है। यात्रियों की सहूलियत के लिए फिरोजपुर कैंट झंझारपुर –फिरोजपुर कैंट ग्रीष्मकालीन विशेष (TOD) एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इस विशेष ट्रेन से समस्तीपुर मंडल सहित बिहार के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04620 (फिरोजपुर कैंट–झंझारपुर) का संचालन 18 अप्रैल से 23 मई 2026 तक प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा, जो कुल 6 फेरे लगाएगी। वहीं, ट्रेन संख्या 04619 (झंझारपुर–फिरोजपुर कैंट) 20 अप्रैल से 25 मई 2026 तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी और यह भी 6 फेरे लगाएगी।
इस विशेष ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को गर्मी में अतिरिक्त भीड़ से राहत मिलेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही बिहार से पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के लिए सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिससे यात्रा अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगी। खास बात यह है कि रक्सौल और बैरगनिया जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका विशेष लाभ मिलेगा।
ट्रेन में कुल 21 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी 2 टियर, एसी 3 टियर, एसी 3 इकोनॉमी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। इसके अलावा दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधा युक्त कोच और लगेज-गार्ड डिब्बा भी रहेगा।
यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट, जालंधर सिटी, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, सकरी होते हुए झंझारपुर तक जाएगी और वापसी में भी इन्हीं प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सुलभ बनाएगी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।







