समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। इस अभियान के अंतर्गत चोरी, छिनतई और गुम हुए कुल 112 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।

मोबाइल वापस मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। लंबे समय से अपने खोए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं रही।
इस अभियान में विभिन्न थानों और मोबाइल रिकवरी टीमों का सराहनीय योगदान रहा। सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए साइबर थाना ने 27 मोबाइल बरामद कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रोसड़ा थाना 25 मोबाइल बरामद कर दूसरे स्थान पर रहा। तीसरे स्थान पर दलसिंहसराय अनुमंडल की मोबाइल रिकवरी टीम रही, जिसने 24 मोबाइल बरामद किए।
इसके अलावा सदर वन मोबाइल रिकवरी टीम ने 18, पटोरी मोबाइल रिकवरी टीम ने 10 तथा सदर-02 मोबाइल रिकवरी टीम ने 8 मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास बना रहे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।







