समस्तीपुर। जिले के सदर अनुमंडल अंतर्गत लगुनियां रघुकंठ गांव में, “ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम” के तहत “T02 से लगुनियां रघुकंठ” तक जाने वाली, करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण आज करीब 9 माह बाद भी तारणहार का ईंतजार कर रहा है।

लगुनियां रघुकंठ गांव से गुजरने वाली जमुआरी नदी पर निर्माणाधीन पुल के पास संवेदक RSM RSR (JV) के द्वारा योजना से संबंधित बोर्ड जिसमें “ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम” का उल्लेख किया गया है, बोर्ड लगा हुआ है। जिसके अनुसार कार्य प्रारंभ की तिथि 27 जून 2025 तथा कार्य समाप्ति की तिथि 26 जून 2026 दर्शाया गया है, लेकिन आज कार्य स्थल के पास लगे बोर्ड के अनुसार जमीनी स्तर पर 1 ईंच तक सड़क निर्माण का काम नहीं हो सका है।
कार्यस्थल पर लगे बोर्ड के अनुसार डेढ़ किलोमीटर लंबी इस सड़क निर्माण की प्राक्ल्लित राशि 01 करोड़ 18 लाख 88 हजार 7 सौ रूपए है। स्थानीय लोगों का बताना है कि, सड़क निर्माण कंपनी के संवेदक द्वारा इस स्थान पर महीनों पुर्व सड़क निर्माण से संबंधित बोर्ड तो लगा दिया गया, लेकिन आज तक सड़क निर्माण के नाम पर उक्त सड़क पर एक गिट्टी तक नही रखा गया है। आज भी यह सड़क पूरी तरह जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे, टूटी सतह और धूल-मिट्टी के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यह सड़क विभागीय लापरवाही व संवेदक की दादागिरी के कारण केवल कागजी योजना बनकर रह गई है। कार्यस्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड लगाकर कार्यकारी एजेंसी कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल समस्तीपुर ने भी मात्र अपने विभाग औपचारिकता ही पूरी की है। वास्तविकता में कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने इसे “सड़क घोटाले का नमूना” की संज्ञा देते हुए बताया कि, जिस प्रकार विभाग और संवेदक ने बोर्ड लगाने के 09 माह बाद भी सड़क निर्माण का कार्य शुरू नही किया है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि, विभाग के लोग बगैर सड़क निर्माण कराए ही इस योजना से संबंधित राशि को बंदरबांट करने की कोशिश में लगे हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा है कि, अगर जल्द से जल्द इस सड़क निर्माण का काम शुरू नही किया गया तो, इसकी शिकायत वरीय पदाधिकारी से करते आंदोलन करने की भी घोषणा की है, साथ ही इस मामले के दोषी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी पर कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।
वहीं सड़क निर्माण कंपनी के मुंशी अनिल कुमार का बताना है कि, जिला में बहुत सारा सड़क का निर्माण कंपनी के द्वारा कराया गया है, लेकिन विभाग के द्वारा अभी तक राशि रिलीज नही की गयी है। जिसकी वजह से अर्थाभाव के कारण सड़क निर्माण का काम शुरू नही किया गया गया है। इस दौरान मुंशी ने यह भी बताया कि, कार्य समाप्ति की तिथि से पहले ही सड़क निर्माण का काम पुरा कर लिया जाएगा।
आपको बता दें कि, प्रशासनिक नियमों के अनुसार, इस सड़क परियोजना को पूरा करने के लिए अब मात्र 03 महीने का समय शेष बचा हुआ है। जबकि 09 महीने पहले ही बड़े तामझाम के साथ निर्माण कार्य का बोर्ड लगाया गया था, जिसे देखकर स्थानीय निवासियों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी थी। लेकिन बोर्ड लगने के बाद से न तो कोई मशीनरी नजर आई है और न ही कोई मजदूर। जिसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।







