रेलवे स्टेशन से अगवा 3 वर्षीय मासूम 3 दिन बाद सकुशल बरामद, अपहरणकर्ता की तलाश जारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से तीन दिन पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुए तीन वर्षीय मासूम केतन कुमार को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में सकुशल बरामद कर लिया गया है। बच्चे के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, बच्चे को रेलवे स्टेशन से ले जाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे उजियारपुर थाना क्षेत्र के मालती वार्ड संख्या-9 निवासी कंचन देवी अपने पति संगम घामी के साथ समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंची थीं। यात्रा के दौरान वह यात्री बेंच पर सो गईं, जबकि उनका तीन वर्षीय पुत्र केतन कुमार पास में खेल रहा था।

इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति, जिसकी उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष बताई जा रही है, बच्चे को कुरकुरे खिलाकर गोद में उठाकर अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद जब कंचन देवी की नींद खुली तो उनका बेटा गायब था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद 16 जुलाई को कंचन देवी ने रेल थाना समस्तीपुर में लिखित आवेदन दिया। आवेदन के आधार पर रेल थाना कांड संख्या 164/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) एवं 143(4) के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।

इसी बीच 17 जुलाई की शाम मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सिंघियाघाट के पास भरपुरा बगीचा में एक तीन वर्षीय बच्चा लावारिस हालत में मिला है। स्थानीय लोगों द्वारा बच्चे की तस्वीर भेजी गई, जिसे देखकर परिजनों ने उसकी पहचान केतन कुमार के रूप में की।

सूचना मिलते ही जीआरपी एवं आरपीएफ समस्तीपुर की टीम स्थानीय विभूतिपुर थाना पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंची और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बच्चे को अगवा करने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर डंप डाटा के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल बरामद बच्चे को उसके माता-पिता के संरक्षण में रेल थाना में रखा गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद बच्चे को विधिवत उसके माता-पिता को सुपुर्द किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मनरेगा माफियाओं के लाखों रूपए के घोटाले का गवाह बने AE ने बिना जांच पड़ताल किए योजना को दे दी ‘क्लीन चिट’, आवेदक ने AE के जांच को दी सक्षम विभाग के समक्ष चुनौती, घोटाला निकला सही तो इस घोटाले से जुड़े सभी लोगों को जानी पड़ सकती है जेल

मनरेगा माफियाओं के लाखों रूपए के घोटाले का गवाह बने AE ने बिना जांच पड़ताल किए योजना को दे दी ‘क्लीन चिट’, आवेदक ने AE के जांच को दी सक्षम विभाग के समक्ष चुनौती, घोटाला निकला सही तो इस घोटाले से जुड़े सभी लोगों को जानी पड़ सकती है जेल