
समस्तीपुर। सरायरंजन प्रखंड क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत स्थित जान मोहम्मदपुर वार्ड संख्या-01 से उच्च विद्यालय तक जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वर्षों से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने सड़क पर ही धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी होती है। कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण भैयाराम सहनी ने कहा कि, जब सड़क चलने लायक नहीं रही, तो सोचा इसी पर धान की खेती कर दी जाए, ताकि कम से कम कुछ फसल ही उग सके। इस दौरान क्षेत्रीय युवा समाजसेवी संजीव कुमार उर्फ भाई जी ने, स्थानीय विधायक सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि, चुनाव के दौरान सड़क निर्माण का वादा किया गया था, लेकिन चुनाव संपन्न होने के नौ महीने बाद भी सड़क नहीं बन सकी।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो धान की फसल के बाद इसी सड़क पर गेहूं, आलू और मक्के की खेती भी की जाएगी तथा आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में जलसी देवी, मेघन दास, शत्रुघ्न शर्मा, महेश सहनी, विनय कुमार शर्मा, गौरी शंकर शर्मा, अनीता देवी, विमल देवी, राजू शर्मा, महेश्वर शर्मा, धनेश सहनी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।






