घोटाला। लाखों क्विंटल धान की हुई खरीदारी! मिलर के पास हुई धान की कुटाई, लेकिन एक किलो भूसा किसी मिलर के पास नही!

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर: जिले में धान खरीद प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल सामने आने लगे हैं। जिला में संचालित दर्जनों पैक्स के माध्यम से लाखों क्विंटल धान की सरकारी खरीद पंजियों में संधारित की गई, उसे राइस मिलों तक भेजा भी गया, वहां मिलिंग (कुटाई) के बाद तैयार चावल एसएफसी (स्टेट फूड कॉरपोरेशन) के गोदामों तक भी भेज दिया गया। इसके बावजूद धान कुटाई से निकलने वाले भुसे का कोई स्पष्ट हिसाब-किताब सामने नहीं आ रहा है।

कई राइस मिलों के अंदर या बाहर या मिल के द्वारा अधिकृत किसी एक भी स्थानों पर एक किलो भुसा तक उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं, भुसा किस एजेंसी, कंपनी या व्यक्ति को बेचा गया, इससे संबंधित कोई बिल, चालान, रसीद या अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि लाखों क्विंटल धान की मिलिंग के बाद उससे निकलने वाला भुसा आखिरकार गया कहां ? अगर भुसा बेचा गया तो उससे संबंधित बिल/चालान और उससे प्राप्त राशि कहां गयी ?

पैक्स से जुड़े किसानों का बताना है कि, धान खरीद प्रक्रिया में शुरू से ही बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होती आ रही है। उनका कहना है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर कई वास्तविक किसानों को समय पर अपनी उपज बेचने का अवसर नहीं मिला, जबकि बिचौलियों और फर्जी अभिलेखों के माध्यम से धान खरीद दिखाकर सरकारी राशि का भुगतान तक करा लिया गया।

जानकारों के अनुसार, धान की मिलिंग के दौरान बड़ी मात्रा में भुसा निकलता है, जिसकी बाजार में अच्छी कीमत होती है। यदि उसकी बिक्री हुई है तो उसका पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध होना चाहिए, लेकिन दस्तावेजों का अभाव पूरे मामले को संदेह के घेरे में खड़ा करता है।

किसानों ने इस पुरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, धान खरीद, मिलिंग, चावल आपूर्ति तथा भुसे की बिक्री से जुड़े सभी अभिलेखों की जांच करने और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो दोषी अधिकारियों, राइस मिल संचालकों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल इस मामले पर संबंधित विभाग या राइस मिल संचालकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इस मामले से संबंधित विस्तृत खबर यथा जिले के कौन से पैक्स ने कितनी धान की खरीदारी की ? जिस किसान के नाम पर धान की खरीदारी हुई है उनके नाम पर कितनी भूमि है ? जिस किसान ने धान बेची है उसने प्रखंड स्तरीय ई किसान कार्यालय से कितने धान की खरीदारी की ? मिलर ने भुसे का क्या उपयोग किया ? अथवा किस एजेंसी या कंपनी को बेचा ? सभी तथ्य प्रकाशित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *