
उजियारपुर/समस्तीपुर। बेगूसराय के झमटिया गंगा घाट एवं चमथा गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर समस्तीपुर के प्रसिद्ध बाबा थानेश्वर स्थान तथा उजियारपुर प्रखंड के सुप्रसिद्ध बाबा बौद्धबलि स्थान में जलाभिषेक के लिए निकले कांवरियों का रविवार 23 अगस्त की रात को दलसिंहसराय-बिशनपुर मुख्य पथ पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। केसरिया वस्त्र पहने हजारों कांवरियों के जत्थे से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
कांवरियों की सुविधा एवं स्वागत के लिए दलसिंहसराय-बिशनपुर मुख्य पथ पर जगह-जगह स्थानीय लोगों एवं स्वयंसेवकों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए थे। कई स्थानों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए थे। सेवा शिविरों में कांवरियों के लिए पानी, शर्बत, चाय, लस्सी, फल, टोपी सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की गई थी। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ कांवरियों की सेवा करते दिखाई दिए।
कांवरियों के स्वागत और उनकी यात्रा को यादगार बनाने के लिए मार्ग में कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। कहीं भक्ति गीत तो कहीं धार्मिक संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कांवरियों का उत्साह बढ़ाया जा रहा था। वहीं, कई स्थानों पर डीजे की धुन पर कांवरियों की टोली थिरकती नजर आई। डीजे और भक्ति गीतों के बीच कांवरियों के जत्थे लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ते रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट
कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। उजियारपुर प्रखंड के गावपुर योगी चौक पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस कर्मी लगातार कांवरियों की आवाजाही एवं यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे, ताकि भीड़ के कारण किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा कर्मियों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा कांवरियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात
कांवरियों की लंबी यात्रा को देखते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था का भी विशेष इंतजाम किया गया था। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा मेडिकल टीम को भी मौके पर तैनात रखा गया था, जहां कांवरियों को नि:शुल्क प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा था।
लंबी दूरी तय कर आने वाले कांवरियों को गर्मी, थकान, कमजोरी अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने की स्थिति में मेडिकल टीम तत्काल उपचार उपलब्ध करा रही थी। इससे कांवरियों को काफी राहत मिलती दिखाई दी।
प्रशासनिक एवं सामाजिक स्तर पर दिखा बेहतर समन्वय
कांवरिया पथ पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और स्थानीय ग्रामीण भी सक्रिय नजर आए। सभी की कोशिश थी कि कांवरियों को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी न हो और वह सुरक्षित तरीके से बाबा थानेश्वर स्थान एवं बाबा बौद्धबलि स्थान पहुंचकर जलाभिषेक कर सकें।
इस दौरान उजियारपुर बीडीओ संजीव कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, अंचलाधिकारी उजियारपुर, उजियारपुर थाना में पदस्थापित पुष्पा कुमारी, द नेचुरल साइंस एकेडमी के चेयरमैन गौरी शंकर सिंह एवं गावपुर पैक्स अध्यक्ष विद्यानंद सिंह सहित अन्य प्रशासनिक कर्मी, पुलिस बल एवं स्थानीय स्वयंसेवक मौजूद रहे।
मेडिकल व्यवस्था में चिकित्सा पदाधिकारी नीरज पासवान, नर्सिंग पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रहलाद राम, संजीत कुमार, रामभजन सिंह एवं चुन-चुन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं बिहार पुलिस बल के राजकुमार चौधरी एवं राम प्रवेश पासवान सहित अन्य शस्त्र बल भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
कांवरियों की भारी भीड़ और जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों के कारण दलसिंहसराय-बिशनपुर मुख्य पथ का पूरा इलाका रविवार को आस्था और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सेवा शिविरों में लोगों की सक्रियता और प्रशासन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के बीच कांवरियों का जत्था लगातार बाबा के दरबार की ओर बढ़ता रहा।







