सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की तैयारियों की डीडीसी ने की समीक्षा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से तैयार कार्ययोजना, निर्धारित लक्ष्य, गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से उनके विभाग की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, जीविका, कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपनी कार्ययोजना और तैयारियों से अवगत कराया।

बैठक में 30 सितंबर को जिले के आदर्श विद्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने कार्यक्रमों का व्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने, सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी विभाग निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप समयबद्ध तरीके से काम करें। कार्यक्रमों की गुणवत्ता के साथ व्यापक जनभागीदारी पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, नगर आयुक्त गौतम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय, डीआरडीए निदेशक आशुतोष आनंद समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े और अभियान की तैयारियों की जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *