
समस्तीपुर। छठ महापर्व संपन्न होने के बाद दूसरे प्रदेशों में कामकाज और रोजगार के लिए लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के सुचारू प्रबंधन के उद्देश्य से समस्तीपुर मंडल, पूर्व मध्य रेल की ओर से दरभंगा और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच एक जोड़ी विशेष ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। इस ट्रेन का परिचालन केवल एक-एक फेरे के लिए होगा।
रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गाड़ी संख्या 05523 दरभंगा–लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष ट्रेन 19 नवंबर 2026 को दरभंगा से शाम 4:30 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शाम 5:40 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी और 6:10 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण एवं ठाणे सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए 20 नवंबर को सुबह 3 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 05524 लोकमान्य तिलक टर्मिनस–दरभंगा विशेष ट्रेन 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन निर्धारित समय के अनुसार विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए समस्तीपुर में दोपहर 3:35 बजे पहुंचेगी तथा 4:05 बजे दरभंगा के लिए रवाना होगी। इसके बाद लहेरियासराय में ठहराव लेते हुए शाम 5:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, 16 कोच वाली इस विशेष ट्रेन में 9 स्लीपर श्रेणी, 5 सामान्य श्रेणी तथा 2 दिव्यांगजन अनुकूल एवं लगेज कोच शामिल रहेंगे। इस विशेष ट्रेन के परिचालन से छठ के बाद मुंबई एवं अन्य शहरों की ओर लौटने वाले मिथिलांचल और उत्तर बिहार के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। खासकर समस्तीपुर, दरभंगा और मुजफ्फरपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।








