सत्यम कुमार मिश्रा/अरविन्द कुमार/ताजपुर/बंगरा: जिले के नेशनल हाईवे थाना परिसर में, शुक्रवार 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का यह महापर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। सुबह के 10:40 बजे नेशनल हाईवे थाना बंगरा के परिसर में प्रखंड विकास पदाधिकारी ताजपुर, भू-राजस्व पदाधिकारी ताजपुर, प्रखंड प्रमुख ताजपुर व थाना क्षेत्र के सभी मुखिया व अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में, थानाध्यक्षा मनिषा कुमारी ने झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दिया।

इस दौरान बंगरा थाना परिसर भारत माता की जय। महात्मा गांधी अमर रहे, पंडित जवाहर लाल नेहरू अमर रहे, सुभाष चंद्र बोस अमर रहे, सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहे सहित अन्य देशभक्ति नारों से गुंजायमान हो उठा। तत्पश्चात मौके पर मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों व स्कूली बच्चों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।

मौके पर मौजूद स्कूली बच्चों को जानकारी देते हुए थानाध्यक्षा मनिषा कुमारी ने बताया कि, आज भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है, यानी हम लोग अब गणतंत्र के रूप में 76वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि, 15 अगस्त 1947 को देश भले ही आजाद हो गया था, लेकिन तब हमारे पास अपना संविधान नहीं था। आजादी के तीन साल बाद हमें अपना संविधान मिला। 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू किया गया था। इस दिन ही हमारे देश को अपना संविधान मिला था।

संविधान के बिना कोई देश नहीं चल सकता। संविधान लागू होने के बाद हमारा देश भारत एक गणतंत्र देश बन गया। वहीं स्थानीय समाजिक कार्यकर्ताओं ने बताया कि, आज भारत के हर नागरिक को भारत की गौरव-गाथा पर गर्व का अनुभव होता है। आजादी के बाद हम भारतवासियों ने बेशुमार उपलब्धियां हासिल की हैं, आज इन्हीं उपलब्धियों का जश्न और उत्सव मनाने का दिन है। आज हमें देश को आजाद कराने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान बनाने वाले महापुरुषों को भी नमन करना चाहिए। हम और हमारा देश, बाबासाहब भीमराव आम्बेडकर का सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने संविधान निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर नेशनल हाईवे बंगरा थाना के पुलिस निरीक्षक उमाशंकर राय, पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद सागिर, मोहम्मद अख्तर अंसारी, हनुमान चौधरी, रामावधेश सिंह, प्रिति कुमारी, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक धर्मवीर कुमार, पिंकू कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, व गणमान्य मौजूद रहे।







