अरविन्द कुमार/बंगरा:[ समस्तीपुर ] जिले के बंगरा थाना परिसर में बुधवार 10 अप्रैल को, नवरात्रा, रामनवमी, छठ एवं ईद के त्योहार को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी ताजपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी ताजपुर व अपर थानाध्यक्ष बंगरा थाना प्रिति कुमारी ने संयुक्त रूप से किया। आयोजित इस बैठक में मौजूद बुद्धिजीवियों ने, नवरात्रा, रामनवमी, छठ व ईद के त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर कई सुझाव दिए।

बैठक में मौजूद स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए अपर थानाध्यक्ष प्रिति कुमारी ने बताया कि, रामनवमी के अवसर पर जिनके द्वारा भी जुलूस निकाला जाता है, वह उस जुलूस का रूट चार्ट अविलंब थाना को उपलब्ध कराएंगे, तथा सभी पूजा कमिटी के लोग अपने अपने वॉलेंटियर का सूची भी अविलंब थाना को उपलब्ध कराएंगे। अपर थानाध्यक्ष प्रिति कुमारी ने सख्त हिदायत देते हुए यह भी कहा कि, पूजा पंडालों एवं जुलूस में किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित गाना नहीं बजाया जाएगा। अगर इस प्रकार की कोई भी शिकायत मिलती है तो उस आयोजक के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए यह भी कहा कि, सोशल मीडिया पर फैलने वाले किसी भी तरह के भ्रामक खबरों अथवा पोस्ट पर ध्यान ना देंगे।

अगर किसी भी प्रकार का भ्रामक खबर या पोस्ट किसी के द्वारा डाला जाता है तो उसके खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति के बैठक में यह भी बताया गया कि जिला में अभी आचार साहिता लागू है। इसलिए इसके नियमों का पालन करते हुए, शांतिपूर्ण तरीके से ईद व रामनवमी का पर्व सभी लोग मनाएं। बैठक में ईद पर्व के दौरान अवैध शराब का सेवन करने वालों व इस अवैध शराब का धंधा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई। इसके अलावे ईद व रामनवमी के लिए निलने वाली जुलूस के दौरान डीजे पर पुरी तरह प्रतिबंध लगाने के साथ साथ, डीजे संचालकों को सख्त निर्देश भी दिया गया कि, बिना अनुमति के किसी भी हाल में डीजे नही बजाएंगे, तथा ईद व रामनवमी को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनांएगे। इसके बाद भी अगर किसी प्रकार की घटना या उपद्रव होती है तो, इसकी सूचना तुरंत स्थानीय थाना को देंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की ड्यूटी लगायी गयी है, उनसे किसी भी प्रकार के सुचना का आदान प्रदान व उनका सहयोग अवश्य करें। आयोजित इस बैठक में बंगरा थाना क्षेत्र के सभी मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य व स्थानीय बुद्धिजीवी व प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।








