???? बिग ब्रेकिंग: भाकपा-माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता का किया आयोजन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

विद्याकर झा:(पटना) भाकपा- माले महासचिव कॉ दीपंकर भट्टाचार्य ने, आज शनिवार 05 अक्टूबर को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। आयोजित इस प्रेस वार्ता में मौजूद पत्रकारों को जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, बिहार की तथाकथित डबल इंजन की सरकार डबल बुलडोजर की सरकार है।

राज्य की भयावह गरीबी, पलायान, बाढ़ आदि की समस्याएं पूर्व की तरह जस की तस बनी हुई हैं। कुछ सड़कों, हवाई अड्डों का सब्जबाग दिखाकर बिहार के विकास का जो बखान किया जाता रहा है, वह पूरी तरह बकवास है। दूसरी ओर हाल के दिनों में राज्य में दलित-गरीबों-महिलाओं पर संगठित हिंसा, अपराध व बलात्कार हर रोज नया रिकाॅर्ड बना रहा है।

भूमि सर्वे गरीबों को उजाड़ने का अभियान बन रहा है। भूदान, सीलिंग, सिकमी बटाईदार सबों के लिए यह आफत बना हुआ है। यहां तक कि बंटवारा व दाखिल खारिज न होना, कागजात की कमी आदि अनेक कारणों से यह अन्य लोगों के लिए भी तबाही का कारण बना हुआ है।

जबतक इससे जुड़े तमाम मामले हल नहीं होते, इसपर रोक लगाने की जरूरत है। पूरे बिहार में स्मार्ट मीटर एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना हुआ है। हर कोने से इसपर रोक की मांग उठ रही है लेकिन सरकार चुपी साधे हुए है।इस दौरान उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इसी आलोक में भाकपा-माले आगामी 16 से 25 अक्तूबर तक बिहार में ‘बदलो बिहार न्याय यात्रा’ निकालेगी, ताकि बिहार में बदलाव की लड़ाई को तेज किया जा सके।

इसके तहत राज्य में मुख्यतः 5 यात्राएं निकलेगी, साथ ही जिलों में भी यात्राएं आयोजित की जाएंगी, साथ ही 27 अक्टूबर को पटना में ‘बदलो बिहार जन सम्मेलन’ का आयोजन भी किया जाएगा। यात्रा के दौरान जीविका, आशा-रसोइया, आंगनबाड़ी सहित अन्य स्कीम वर्करों, रोजगार के लिए आंदोलनरत छात्र-युवाओं, मजदूर किसानों के साथ-साथ अन्य ज्वलंत सवालों पर जन संवाद के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

आयोजित इस संवाददाता सम्मेलन को पार्टी के राज्य सचिव कॉ कुणाल, पोलित ब्यूरो सदस्य धीरेन्द्र झा, ऐपवा की महासचिव मीना तिवारी, स्कीम वर्कर की नेता शशि यादव, वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, सत्यदेव राम ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *