समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर थाना अंतर्गत नाजिरपुर गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षिका के पद पर तैनात डॉली कुमारी की हुई संदिग्ध मौत मामले में, दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा के नेतृत्व में बनी टीम ने, घटना के संदिग्ध व्यक्ति मृतिका के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान वारिसनगर थाना क्षेत्र के धनहर गांव वार्ड 07 निवासी, रामाकांत राय के पुत्र प्रेम राजन कुमार के रूप में की गयी है। इस संबंध में पुलिस कप्तान समस्तीपुर अरविन्द प्रताप सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि, विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के मउ धनेशपुर वार्ड 07 निवासी, अरविन्द शर्मा की 24 वर्षिया पुत्री उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। जिसकी 08 अगस्त की सुबह उसके ही किराए के कमरे से शव बरामद की गयी थी।
जिससे संबंधित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज करते हुए, इस घटना के शीघ्र उद्भेदन के लिए एक टीम का गठन किया गया। टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों ने जब मृतिका के मोबाइल की जांच की तो, इस घटना से संबंधित कुछ साक्ष्य मिले। जिसके आधार पर इस घटना का सफल उद्भेदन करते हुए, मृत शिक्षिका के प्रेमी, प्रेम राजन को गिरफ्तार कर लिया गया, तथा आवश्यक पुछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घटना के संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृत शिक्षिका डॉली कुमारी का आरोपित प्रेम राजन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। घटना की तिथि 07 अगस्त की रात्रि में भी मृतिका एवं अभियुक्त प्रेम राजन के बीच मोबाईल पर बातचीत भी हुई थी, और इसी दौरान दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा भी हुआ था। आरोपित युवक पहले से ही शादीशुदा है, इसकी जानकारी भी मृतिका को घटना के रात में ही हुई थी। जिसके बाद मृतिका ने अपनी ईहलीला समाप्त कर ली थी।








