भाकपा माले की फतेहपुर शाखा बैठक में जनसमस्याओं पर चर्चा, चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

ताजपुर/समस्तीपुर: भाकपा माले फतेहपुर शाखा की बैठक बुधवार 11 मार्च को, शाखा सचिव मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित की गई। आयोजित इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की किल्लत, प्रधानमंत्री आवास योजना में घूसखोरी, मनरेगा में लूट, आपूर्ति विभाग और अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार समेत विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाल स्थिति और स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार की उदासीनता से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों पर प्रशासन द्वारा कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसके तहत पहले चरण में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और आगे आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन व घेराव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा गांव-गांव में लोगों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान भी किया गया।

बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर हसनपुर के मंगलगढ़ में करीब एक हजार पुस्तैनी बसे भूमिहीन परिवारों को उजाड़ने के खिलाफ पुनर्वास की मांग को लेकर 12 मार्च से समस्तीपुर जिलाधिकारी के समक्ष अनिश्चितकालीन अनशन में प्रखंड से बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की घोषणा की गई। बैठक में पार्टी सदस्य रंजीत कुमार सिंह, सूर्यदेव सिंह, सुलेखा कुमारी, अनील कुमार सिंह समेत कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *