समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 01 से एक सराहनीय और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक निर्धन परिवार की बेटी की शादी में आ रही आर्थिक कठिनाइयों को दूर करते हुए स्थानीय समाजसेवी सह पत्रकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है।

जानकारी के अनुसार, उक्त परिवार की बेटी की शादी आगामी सोमवार, 20 अप्रैल को निर्धारित है। शादी में महज दो दिन शेष रह गए थे, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर थी कि बारातियों के स्वागत और भोजन जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं भी नहीं हो पाई थीं। ऐसे में परिवार काफी चिंतित और असहाय महसूस कर रहा था।

इसी बीच जब इस स्थिति की जानकारी स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी अरविन्द कुमार रजक को मिली, जो पेशे से पत्रकार भी हैं, तो उन्होंने बिना देर किए पहल करते हुए पूरे आयोजन की जिम्मेदारी अपने ऊपर ले ली।

आयोजित इस शादी समारोह की जिम्मेदारी लेते हुए, उन्होंने न केवल दुल्हन के लिए शादी का जोड़ा और चुनरी उपलब्ध कराई, बल्कि बारातियों और ग्रामीण भोज के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री भी मुहैया करा दी। उपलब्ध कराए गए सामानों में चावल, दाल, आलू, प्याज, मसाले, तेल, आटा, पापड़, तिलौड़ी और भोज के लिए पत्तल समेत अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
इस सहयोग से परिवार को बड़ी राहत मिली है और अब शादी की तैयारियां सुचारू रूप से पूरी की जा रही हैं। इस मौके पर पूर्व मुखिया प्रत्याशी अर्जून सहनी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्याम शर्मा, जयलाल सहनी, अरुण कुमार सहनी, संजीत सदा और प्रमोद सदा, पंचायत समिति सदस्य जीनत परवीण, पंसस पति मोहम्मद शमशाद अंसारी समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे, और उन्होंने भी इस नेक कार्य की सराहना की।
ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे समय में जब समाज में संवेदनशीलता कम होती जा रही है, वहीं अरविन्द कुमार रजक जैसे लोग मानवता की मिसाल पेश कर रहे हैं। उनका यह प्रयास न केवल एक परिवार के लिए सहारा बना है, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा देने वाला है।







