उजियारपुर में किसान गोष्ठी का आयोजन, उन्नत बीज एवं वैज्ञानिक खेती की दी गई जानकारी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत उजियारपुर बाजार स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान परिसर में, कुशवाहा बीज भंडार उजियारपुर के सौजन्य से, नांगबू सीड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बेंगलुरू ईडिया के द्वारा, किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत किस्म के बीजों तथा वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के शुरूआत में इस किसान गोष्ठी में शामिल प्रगतिशील किसानों को कंपनी के पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजित किसान गोष्ठी में क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर नांगबू सीड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के पदाधिकारी कुंदन कुमार श्रीवास्तव एवं विकास कुमार ने कंपनी द्वारा विकसित एवं विपणन किए जाने वाले विभिन्न फसलों के उन्नत बीजों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों को बताया कि गुणवत्तापूर्ण बीज किसी भी फसल की बेहतर उपज का आधार होता है। यदि किसान प्रमाणित एवं उन्नत बीजों का चयन करें तो उत्पादन के साथ-साथ उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।

पदाधिकारियों ने किसानों को सब्जी एवं अन्य फसलों की विभिन्न उन्नत किस्मों के बारे में जानकारी देते हुए उनकी विशेषताओं, उत्पादन क्षमता, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा बाजार में मांग के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही फसल प्रबंधन, समय पर बुआई, संतुलित उर्वरक उपयोग, सिंचाई व्यवस्था एवं कीट-रोग नियंत्रण के वैज्ञानिक तरीकों पर भी चर्चा की गई।

गोष्ठी के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि बदलते मौसम और कृषि क्षेत्र की चुनौतियों को देखते हुए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना होगा, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को पदाधिकारियों के समक्ष रखा, जिसका समाधान विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से किया गया। किसानों को कंपनी की ओर से बीजों एवं फसल प्रबंधन से संबंधित जानकारी पुस्तिकाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर कुशवाहा बीज भंडार उजियारपुर के संचालक गुलशन कुमार ने कहा कि, किसानों को नई तकनीक और उन्नत कृषि संसाधनों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने किसानों से आधुनिक खेती को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने गोष्ठी को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजित इस गोष्ठी में शामिल होने वाले किसानों में विनोद कुमार, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, पंचम कुमार, मनोज सिंह, परशुराम गिरी, अनिल राय, वीरेंद्र सिंह, सुबोध सिंह सहित क्षेत्र के प्रगतिशील किसान, कृषि से जुड़े लोग एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *