दिल्ली में बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या पर भड़का आक्रोश, दोषियों को स्पीडी ट्रायल से सजा देने की मांग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में एक बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मामले में भाकपा(माले) नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने, घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर तीन महीने के भीतर सख्त सजा देने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार बिहार निवासी एक युवक शनिवार देर रात अपने दोस्त के साथ एक पार्टी से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बहस बढ़ने पर पुलिसकर्मी ने युवक पर गोली चला दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना के दौरान युवक को “बिहारी” कहकर अपमानित भी किया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। भाकपा(माले) नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि यह घटना केवल हत्या नहीं बल्कि बिहारी अस्मिता का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न राज्यों में बिहारी मजदूरों और युवाओं के साथ लगातार भेदभाव और अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मी पर कड़ी कार्रवाई करने तथा स्पीडी ट्रायल चलाकर तीन महीने के भीतर सजा सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अगर दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *