
ताजपुर। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले ग्रामीण गरीबों की विभिन्न मांगों को लेकर आगामी 2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को खेग्रामस के प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बीडीओ एवं सीओ को लिखित सूचना दी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भूमिहीनों को जमीन का पर्चा देने, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों को कानूनी अधिकार दिलाने, जीरामजी योजना के तहत काम उपलब्ध कराने, मजदूरों को नियमित रोजगार देने तथा उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करने समेत अन्य मांगें उठाई जाएंगी।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, प्रमोद साह, राजेंद्र साह, संजीव राय, राजेश कुमार, सुनीता देवी एवं संजय कुमार सहित अन्य लोगों ने विचार रखे। अध्यक्षता प्रभात रंजन गुप्ता ने की, जबकि संचालन सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने भूमिहीनों, सरकारी जमीन पर बसे परिवारों, पर्चाधारियों एवं ग्रामीण मजदूरों से 2 अक्टूबर को फतेहपुर पंचायत भवन पहुंचकर धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की। नेताओं ने कहा कि ग्रामीण गरीबों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संगठित संघर्ष जरूरी है।







