अरविन्द कुमार/ताजपुर/समस्तीपुर: ताजपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीआरसी भवन के समक्ष, शनिवार 20 जनवरी को बिहार राज्य विद्यालय रसोईया संघ ने, एक्टू के बैनर तले अपने 13 सुत्री मांगों के समर्थन में जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी रसोईयाकर्मी मानदेय को 1650 रूपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने, रसोईया को राज्यकर्मी का दर्जा देने, 10 महीने के बजाए 12 महीने का मानदेय देने, एमडीएम से एनजीओ को बाहर करने समेत, 13 सूत्री मांगों के समर्थन में जमकर नारे भी लगा रहे थे।

इस दौरान मौके पर मौजूद प्रखंड अध्यक्ष गिरजा देवी की अध्यक्षता में, एक सभा का आयोजन भी किया गया। सभा का संचालन सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। आयोजित सभा को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए संघ के संरक्षक, सह भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, रसोईया के साथ सरकार न्याय नहीं कर रही है। आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका का मानदेय बढ़ा दिया गया। आशा का मानदेय बढाने की घोषणा की जा चुकी है, लेकिन आश्वासन के बाबजूद रसोईया का मानदेय बढ़ाने पर सरकार आनाकानी कर रही है। इस तरह सरकार के द्वारा आनाकानी किया जाना, संपूर्ण बिहार के रसोईयाकर्मी के साथ अन्याय है, और इस अन्याय के खिलाफ तमाम रसोईया को एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष का शंखनाद करना होगा।

सभा के अंत में 7 सदस्यीय रसोईया का प्रतिनिधिमंडल, सचिव प्रभात रंजन गुप्ता के नेतृत्व में 13 सूत्री मांगपत्र प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सौंपकर, मांग को पूरा करने की दिशा में अविलंब पहल करने की बात कही, अन्यथा इस संघर्ष को और भी तेज करने की घोषणा की। मौके पर सुनीता देवी, ममता देवी, शिव कुमारी देवी, नकलेसी देवी, मोनी देवी, शर्मिला देवी, सुशीला देवी, रेखा देवी, ललिता देवी, पिंकी देवी, रंजू देवी, सरस्वती देवी, मुन्नी देवी, सुलेखा देवी, नीलम देवी, सुनैना देवी, संजू देवी, मंजू देवी, विंदु देवी, चंद्रकला देवी, सरिता देवी, माला देवी, कलमंती देवी, कौशल्या देवी, रीना कुमारी, मिला देवी सहित सैकड़ों की संख्या में रसोईयाकर्मी महिलाएं मौजूद थीं।








