रामरूप राय/समस्तीपुर: पटोरी थाना क्षेत्र के पटोरी मदुदाबाद पथ पर योगी चौक के पास, बुधवार 27 मार्च की देर शाम हुई भीषण सड़क हादसे में, एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों के द्वारा आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने, उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। जहां ले जाने के क्रम में जंदाहा बाजार के आसपास उसकी मौत हो गयी।

मृतक की पहचान पटोरी थाना क्षेत्र के हेतनपुर गांव स्थित वार्ड 15 निवासी, जितेंद्र राय के 24 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में की गयी है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पटोरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज, मामले की छानबीन में जुट गयी है। घटना बुधवार 27 मार्च की देर शाम करीब 8-9 बजे के बीच की बतायी जा रही है। घटना के संबंध में मृतक के परिजन का बताना है कि, मृतक प्रिंस कुमार मोहिउद्दीननगर प्रखंड अंतर्गत टांड़ा गांव स्थित, अपने रिश्तेदार के यहां भोज खाने गया हुआ था। जहां से भोज खाकर वह पैदल ही अपने घर जा रहा था। इसी क्रम में पटोरी मदुदाबाद पथ पर योगी चौक के पास, सामने से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार ठोकर मार दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने इस हादसे में घायल जख्मी प्रिंस कुमार को, इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी में भर्ती कराया। जहां घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। जिसे पटना ले जाने के क्रम में जंदाहा बाजार के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हालांकि घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक घटनास्थल से फरार होने में सफल रहा।








