???? बिग ब्रेकिंग: स्मार्ट मीटर सर्वप्रथम पदाधिकारियों के कार्यालय व आवास में लगाया जाए: सुरेंद्र प्रसाद सिंह

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अरविन्द कुमार/नसीब लाल झा:[ताजपुर] जिले के ताजपुर नगर परिषद व ताजपुर प्रखंड क्षेत्र में, अपने 15 दिनी अभियान के अंतिम दिन, शनिवार 24 अगस्त को विद्यूत सुधार संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सह भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि, जनता के द्वारा प्रीपेड मीटर में कई खामियां बतायी जा रही है।

जिसमें प्रमुख रूप से मीटर का तेज चलना, शॉर्ट लगने पर स्वतः उच्चतर लोड दर्ज हो जाना, रिचार्ज के बाबजूद विद्यूत आपूर्ति बंद रहना, मीटर अपडेट का बाधित रहना, सर्वर डाउन रहने पर रिचार्ज नहीं होना, रिचार्ज समाप्त होने का मैसेज तक नहीं आना, मीटर एवं बिल में गड़बड़ी का स्थानीय स्तर पर सुधार नहीं होना, मीटर का स्थायी शुल्क ज्यादा होना आदि शामिल है।

उन्होंने ताजपुर अस्पताल चौक निवासी सुरेश कुमार, मानपूरा के मोहम्मद असलम, अस्पताल रोड के मोहम्मद परवेज आदि के यहां जाकर, उनकी शिकायतों को देखा व समझा तथा उक्त शिकायत को सही पाकर कार्यपालक अभियंता से शिकायत दूर भी कराया।

श्री सिंह ने प्रीपेड मीटर ठीक होने का विभागीय दावा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि, तमाम सरकारी योजनाओं को मंत्री, अधिकारी प्रमोट करते हैं तो, क्यों नहीं प्रीपेड मीटर पहले मंत्री, विधायक व सांसद के घर, सरकारी विभाग एवं कार्यालय, अधिकारियों के आवास, अदालत, स्कूल, कालेज आदि जगहों पर लगाया जा रहा है ?

माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि, 1 केवीए के कंज्यूमर को कमर्शियल मीटर के माध्यम से प्रतिदिन 10 रूपये, एवं घरेलू उपभोक्ताओं को 2 रूपये 67 पैसा वसूलना नाजायज है। उपभोक्ताओं से जब यूनिट का पैसा लिया ही जा रहा है तो, उपर से विभाग लोड चार्ज के नाम पर वसुली क्यों कर रही है।

इस दौरान माले नेता ने विभाग से प्रीपेड मीटर का बिल प्रति महीने उपभोक्ताओं को देने की व्यवस्था करने की मांग की है, साथ ही प्रीपेड मीटर को परखने एवं इस पर रोक लगाने का जन अभियान जारी रखने की भी घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *