ड्यूटी के दौरान महिला कॉन्स्टेबल का वीडियो वायरल, बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेशों पर उठे सवाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना के डायल नंबर 112 के ईभीआर-09 वाहन पर तैनात एक महिला कॉन्स्टेबल का ड्यूटी के दौरान पुलिस वर्दी में बनाया गया वीडियो और कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था और बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, वर्षा कुमारी/यादव नाम की महिला कॉन्स्टेबल दलसिंहसराय थाना में पदस्थापित बताई जा रही हैं, और वह डायल 112 सेवा के तहत ईभीआर-09 वाहन पर ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान महिला सिपाही ने पुलिस वर्दी में ही अपना विडियो व फोटो बनाया और Cute_Sherni09 नाम से संचालित अपने इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया, जो अब विभिन्न सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा पूर्व में ही स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि, ड्यूटी के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी वर्दी में अनावश्यक वीडियो, रील या फोटो शूट से बचेंगे, ताकि पुलिस विभाग की गरिमा और अनुशासन बना रहे। इसके बावजूद लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस मुख्यालय के आदेशों का पालन क्यों नहीं हो रहा है।

सूत्रों की मानें तो बीते कुछ महीनों में समस्तीपुर जिले समेत बिहार के विभिन्न जिलों में, कई पुलिसकर्मियों के वर्दी में वीडियो और तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं। कई मामलों में सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों द्वारा रील बनाने, फिल्मी गानों पर वीडियो शूट करने तथा ड्यूटी के दौरान मोबाइल से कंटेंट तैयार करने के आरोप भी लग चुके हैं, और उन पर कार्रवाई भी हो चुकी है। हालांकि अधिकांश मामलों में कार्रवाई नहीं होने से ऐसे कृत्यों पर रोक नहीं लग पा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस विभाग के अंदर ही अनुशासनहीनता के मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब ऐसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी होना तय है। लोगों का मानना है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का पूरा ध्यान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर होना चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने पर।

अब देखना यह होगा कि दलसिंहसराय थाना में वायरल हुए इस मामले को पुलिस विभाग कितनी गंभीरता से लेता है, और संबंधित पुलिसकर्मी पर कोई विभागीय कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *