अरविन्द कुमार/अमित कुमार:(समस्तीपुर) जिले के कल्याणपुर थाने की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, थाना क्षेत्र के बरहेता गांव स्थित एक लीची बगान से लूट व डकैती की योजना बनाते तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 02 पिस्टल 03 मैग्जीन, 07 जिंदा गोली, 04 एंड्रॉयड मोबाईल व 01 बुलेट बाईक बरामद किया है।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के छेटबखरी निवासी अजीम अंसारी के 28 वर्षिय पुत्र मोहम्मद ईकबाल अंसारी उर्फ भोला, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ही भट्ठी चौक निवासी सुरेश राम के 27 वर्षिय पुत्र बैजनाथ राम तथा दरभंगा जिला के हायाघाट थाना क्षेत्र के गोड़हरी गांव निवासी, कैलाश राय के 20 वर्षिय पुत्र सोनु कुमार यादव के रूप में की गयी है।
उक्त जानकारी एसडीपीओ सदर -2 विजय कुमार महतो ने दिया। घटना से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए पुलिस कप्तान समस्तीपुर अशोक मिश्रा ने बताया कि, शुक्रवार 08 नवम्बर को कल्याणपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सुचना मिली कि, थाना क्षेत्र के बरहेता गांव स्थित एक लीची बगान में कुछ बदमाश युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सुचना मिलने के तुरंत बाद एसडीपीओ सदर टू विजय कुमार महतो के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया, जिसमें प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक सह कल्याणपुर थानाध्यक्ष विकास केशव, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार झा, सिम्पी कुमारी, शंभु कुमार सिंह, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक हरेंद्र तिवारी आदि को शामिल करते हुए, उक्त लीची गाछी में छापामारी कर मौके से 03 बदमाश युवकों को 02 पिस्टल, 03 मैग्जीन, 07 जिंदा गोली, 04 एंड्रॉयड मोबाईल व 01 बुलेट बाईक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।







