समस्तीपुर। शहर के निजी शिक्षण संस्थान परिसर में सोमवार 26 मई को, राष्ट्रीय आपदा मित्र संगठन का जिला मुख्यालय पर पिछले आंदोलन की समीक्षा, बकाया राशि का भुगतान व नियमित मानदेय सहित अन्य मांगों को लेकर, जिला स्तरीय आपदा मित्रों की एक बैठक आयोजित की गयी।

आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष धनंजय कुमार, व संचालन राजीव कुमार पासवान ने किया। वही बैठक में बतौर मुख्य अतिथि संगठन के राज्य अध्यक्ष रौशन कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक में मौजूद आपदा मित्रों को संबोधित करते हुए, संगठन के राज्य अध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा कि, वर्ष 2023 में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के द्वारा, बिहार के 9600 नौजवानों को प्रशिक्षित कर आपदा मित्र बनाकर दशहरा मेला, छठ महापर्व में विभिन्न नदियों पर, सुरक्षित शनिवार के नाम पर स्कूलों में, तथा आपदा से संबंधित विभिन्न कार्यों में सरकार के आपदा विभाग द्वारा प्रतिनियुक्ति कर आपदा मित्रों से काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उनको सरकार के तरफ से कोई सम्मानजनक राशि नहीं मिलता है।
बिहार के आपदा मित्रों का मांग है कि, प्रत्येक कार्य दिवस का बकाया राशि, नियमित मानदेय के साथ सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, सरकार द्वारा घोषित 5 लाख रुपया की बीमा राशि को लागू करते हुए बीमा राशि 20 लाख रुपया करने, सभी आपदा मित्रों/ सखियों को न्यूनतम वेतनमान 26910 रूपए प्रतिमाह की गारंटी करने, सुरक्षित शनिवार का भुगतान समान कार्य का समान वेतन से भुगतान करने सहित 8 सूत्री मांगो को लेकर संघर्षरत है।
अगर सरकार संज्ञान लेते हुए सभी मांगों को पूरा नहीं करती है तो, आने वाले दिनों में बिहार विधानसभा मानसून सत्र के दौरान, आपदा मित्र पटना में मजबूत आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। वही संगठन के जिलाध्यक्ष धनंजय कुमार ने कहा कि, इस महंगाई व बेरोजगारी के आलम में, आपदा मित्रों से तो काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उनको सम्मानजनक वेतन नहीं दिया जा रहा है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।
आपदा मित्रों के मांगो को लेकर आगामी पटना में होने वाले आंदोलन में जिला से भागीदारी को लेकर प्रखंड स्तर पर बैठक करके पूरे जिला में आपदा मित्रो को संगठित किया जाएगा।
मौके पर संतोष कुमार, हीरालाल कुमार, रोहित महतो, गणेश कुमार, विनोद कुमार मालाकार, बिट्टू कुमार भगत, अजय कुमार राय, आशीष कुमार, गुंजन कुमार, कमल किशोर साहनी, राजेंद्र राम, प्रभात कुमार, साहुल देव साह, सुनील कुमार भारती सहित दर्जनों आपदा मित्र मौजूद थे।







