समस्तीपुर। जिला मुख्यालय स्थित नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर मुहल्ला में संचालित बैंक ऑफ महाराष्ट्रा से बुधवार 07 मई 2025 को अज्ञात अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर हुई लूटपाट मामले में समस्तीपुर पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से वैशाली जिला के बिदुपुर थाना अंतर्गत मथुरा गांव निवासी, अमरजीत पासवान उर्फ अमरदीप पासवान के पुत्र चंदु कुमार पासवान उर्फ चंदु उर्फ चंद्रकेतू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

गिरफ्तार कुख्यात बदमाश चंदु पासवान कुछ माह पहले 20 जून को नगर थाना परिसर से पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा था। जिससे संबंधित प्राथमिकी संख्या- 162/25 भी नगर थाना में दर्ज किया गया था।

आखिरकार एसटीएफ की टीम ने उक्त बदमाश के भागने के करीब 03 माह बाद गिरफ्तार करने में सफलता पा ही लिया। आपको बता दें कि, नगर थाना अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा काशीपुर से, बुधवार 07 मई को 6-7 की संख्या में अज्ञात अपराधकर्मियों के द्वारा हथियार का भय दिखाकर, बैंककर्मी एवं ग्राहको को बंधक बनाकर बैंक से नगद 15 लाख 2 हजार 791 रूपये नकद, सोना, मोबाईल एवं बैंक से संबंधित कागजात की लूट कर ली गयी थी।

जिससे संबंधित नगर थाना में कांड 125/25 दर्ज भी किया गया था। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर अरविन्द प्रताप सिंह के निर्देशन में, व अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में, गठित विशेष टीम एवं एसटीएफ बिहार पटना की टीम के द्वारा लगातार घटना में संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी, लूटे गये आभूषण एवं अन्य सामानों की बरामदगी हेतु छापामारी की प्रक्रिया जारी है।

इसी क्रम शनिवार 18 अक्टूबर को पुलिस अभिरक्षा से भागे नगर थाना कांड संख्या-113/25 के अपराधकर्मी, चंदु कुमार पासवान उर्फ चंदु उर्फ चन्द्रकेतु को उसके ही घर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने इस लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए, अपने दो अन्य सहयोगियों बेतिया जिला के तथा पटना जिला के राहुल पटेल के भी इस घटना में शामिल होने की बात बतायी है।

गिरफ्तार बदमाश एक पेशेवर और सक्रिय अपराधकर्मी है। यह पूर्व के भी कई कांडों में आरोपित रह चुके हैं। यह घटना के दिन भी बैंक के अंदर दाखिल हुए थे, तथा घटना के बाद लूटे गये समान को मोटरसाईकिल के पीछे बैठकर ले भी गये थे। जिसकी पुष्टि भी सीसीटीवी फूटेज से की जा चुकी है।

इस घटना के सफल उद्भेदन के लिए गठित विशेष टीम एवं एसटीएफ बिहार पटना द्वारा, बैंक से लूटी गयी शेष सामानों की बरामदगी एवं अन्य अभियुक्तों के गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार बदमाशों के आपराधिक पृष्टभूमि का पता किया जा रहा है, एवं गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस रिमांड कर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।

आपको बता दें कि बैंक ऑफ महाराष्ट्रा में हुई लूट की घटना में संलिप्त अपराधियों में करमवीर कुमार उर्फ धर्मवीर कुमार उर्फ देशमुख भाई, रविश कुमार, रणधीर कुमार उर्फ बबलु, सोनार विट्टु कुमार, दीपक कुमार उर्फ दीपक मुंशी, रमेश

कुमार झा, फुलपरी देवी, अनुराधा कुमारी, अभिषेक गुप्ता उर्फ राजन, दीपक कुमार (सोनार) अखिलेश राय उर्फ गोलाई राय उर्फ गोलू तथा सविता देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, तथा गिरफ्तार बदमाशों से अब

तक लूटे गए आभूषणों में से करीब 03 किलो 45 ग्राम 612 मिलीग्राम सोना एवं नगद-19 हजार 200 रूपये नकद, 02 मोबाईल, बैंक से संबधित कागजात व घटना में प्रयुक्त वाहन तथा हथियार की बरामदगी भी हो चुकी है।

गिरफ्तार बदमाश चंदु पासवान का लंबा चौड़ा आपराधिक ईतिहास रहा है। इसके खिलाफ समस्तीपुर सहित पटना, वैशाली, सारण व कलकत्ता सहित अन्य राज्यों के थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस घटना के उद्भेदन के लिए बनी टीम में एसटीएफ पटना के अलावे समस्तीपुर नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, समस्तीपुर जिला बल के पुलिस निरीक्षक शिव कुमार यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।







