समस्तीपुर। उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र संख्या-134 में नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। सभी प्रत्याशी अपने मतदाता के बीच जाकर अपने अपने पक्ष में मतदान के लिए जी-तोड़ कोशिश में जुटे हुए हैं। चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमाने उतरे कुल 15 प्रत्याशियों के द्वारा निर्वाची पदाधिकारी दलसिंहसराय के समक्ष दिए गए शपथ पत्र के अनुसार सभी 15 प्रत्याशियों में कुल 03 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जिसमे उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक आलोक कुमार मेहता के खिलाफ 03 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वही निर्दलीय उम्मीदवार रणवीर कुमार चौरसिया के खिलाफ भी कुल 03 आपराधिक मामले दर्ज हैं, साथ हीं एक अन्य स्वतंत्र विधायक प्रत्याशी उमाशंकर चौधरी के खिलाफ भी 01 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यही नहीं उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के कुल 15 प्रत्याशियों में 09 प्रत्याशी अकूत संपति के मालिक हैं। इन 09 प्रत्याशियों में उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक आलोक कुमार मेहता, निर्दलीय उम्मीदवार बुलबुल कुमार सहनी, दिनेश प्रसाद चौधरी, महाशंकर चौधरी, निक्की झा, एनडीए गठबंधन के विधायक प्रत्याशी प्रशांत कुमार पंकज, निर्दलीय प्रत्याशी रणवीर कुमार चौरसिया, जनशक्ति विकास पार्टी की प्रत्याशी सुनीता कुमारी, स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में विकास कुमार करोड़पति हैं।
उपरोक्त सभी प्रत्याशियों के पास निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए गए शपथ पत्र के अनुसार करोड़ों की संपत्ति है। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अंकित कुमार मिश्रा, जनसुराज पार्टी के दुर्गा प्रसाद सिंह, स्वतंत्र उम्मीदवार दिलीप कुमार सहनी, उपेन्द्र कुमार, विरेन्द्र कुमार राय के पास लाखों रूपए की संपत्ति है।
अगर शिक्षा की बात की जाए तो उपरोक्त सभी उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा पढ़े लिखे उम्मीदवार अरूण कुमार यादव हैं। अरूण कुमार यादव ने डॉक्टरेट तक की पढ़ाई की है, वहीं सबसे कम पढ़े लिखे उम्मीदवारों में दिलीप कुमार सहनी का नाम शामिल है। उन्होंने कक्षा आठ तक ही पढ़ाई किया है।







