बिहार की आवाज। संवाददाता। समस्तीपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर, शुक्रवार 27 फरवरी को मुफस्सिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। आयोजित इस बैठक में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए समस्तीपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि, होली के दिन डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि, होली की आड़ में हुड़दंग मचाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी, तथा नियम को तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

वहीं मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि, इस त्योहार के दौरान सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर, आवश्यकतानुसार पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी! साथ ही शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी भी रखी जाएगी ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस दौरान थानाध्यक्ष ने किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान ना देने व इसकी सुचना तत्काल थाना के सरकारी मोबाइल नंबर पर देने की अपील की।
वहीं बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन देते हुए, लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का पर्व मनाने की अपील की। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी शांति बनाए रखने और नियमों का पालन करने का अनुरोध किया। इस दौरान मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह ईंस्पेक्टर अजीत कुमार, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, समस्तीपुर बीडीओ सुप्रभात कुमार, वार्ड पार्षद शंभू राय, जदयू नेता छोटे खान, दुधपुरा के पुर्व मुखिया मनिष कुमार, राजा पासवान समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।







