उजियारपुर/समस्तीपुर। उजियारपुर थाना क्षेत्र के शहबाज़पुर गांव से होकर गुजरने वाली, एसएच-88 पर क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड (CAGL) के कर्मी से हथियार के बल पर हुई लूट की घटना के तीन माह पूरे होने वाले हैं, लेकिन अब तक इस मामले में उजियारपुर पुलिस के हाथ खाली हैं।

घटना के इतने दिन बाद भी न तो किसी लुटेरे की गिरफ्तारी हो सकी है, और न ही बदमाशों की पहचान ही हो पाई है। इससे पीड़ित व्यक्ति हताश और निराश नजर आ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इसी वर्ष शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के कुढ़नी निवासी, नरेश राय के पुत्र लालबाबु कुमार, जो क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के दलसिंहसराय शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं, से बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट की थी।
उस समय वह ग्रामीण क्षेत्रों से वसूली गई किश्त की राशि लेकर, दलसिंहसराय स्थित अपने शाखा जा रहे थे। बदमाशों ने उनसे 38,611 रुपये नकद, बैग में रखा टैब और मोबाइल आदि छीन लिया था। यह घटना उजियारपुर थाना क्षेत्र के शहबाज़पुर गांव के समीप एसएच-88 पर हुई थी। पीड़ित ने उस समय बताया था कि, बदमाशों ने हथियार के बल पर लूटपाट के इस घटना को अंजाम दिया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि, उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने उनसे हथियार के बल पर लूट का आवेदन लेने से इनकार कर दिया और छिनतई का आवेदन देने को कहा।
इसके बाद आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। घटना के करीब तीन माह बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों और पीड़ित में आक्रोश है। पीड़ित का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस सक्रियता दिखाती, तो बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी संभव हो सकती थी। अब देखना यह है कि तीन माह बाद भी पुलिस इस मामले में कोई ठोस कदम उठाती है या नहीं।







