सिंघियाघाट स्टेशन पर हादसा: ट्रेन में चढ़ने के दौरान युवक ट्रैक पर गिरा, एक पैर कटा; एंबुलेंस नहीं मिलने पर सदर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर–रोसड़ा रेलखंड के सिंघियाघाट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक प्लेटफॉर्म से फिसलकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे ट्रेन की चपेट में आने से उसका एक पैर कट गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए समस्तीपुर के सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया।

इधर, परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से डीएमसीएच ले जाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। परिजनों ने बताया कि उन्होंने एंबुलेंस के टोल फ्री नंबर पर तीन बार फोन किया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। करीब दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिलने से परिजन काफी परेशान हो गए। इस दौरान घायल युवक की हालत नाजुक बनी रही और उसका खून लगातार बहता रहा।

एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर काफी आक्रोश देखा गया। परिजन जल्द से जल्द एंबुलेंस उपलब्ध कराकर घायल युवक को डीएमसीएच भेजने की मांग कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *