समस्तीपुर। जिले के सरायरंजन नगर पंचायत में इन दिनों राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। वार्ड पार्षद बॉबी चौधरी ने मुख्य पार्षद पूजा कुमारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित विभाग को औपचारिक शिकायत सौंपी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि, सरायरंजन नगर पंचायत की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी के द्वारा, बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 के नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई है। अधिनियम के अनुसार प्रत्येक माह नगर पंचायत की बैठक अनिवार्य है, परंतु 38 महीनों के कार्यकाल में मुख्य पार्षद पूजा कुमारी के द्वारा मात्र 7 बैठकें ही आयोजित की गईं है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
सचिव को सौंपे गए शिकायती पत्र में वार्ड पार्षद बॉबी चौधरी ने, स्थायी समिति की बैठकों में भी मुख्य पार्षद के द्वारा भारी अनियमितता बरते जाने की बात कही है। श्रीमति चौधरी ने शिकायती आवेदन पत्र में बताया है कि, नगर पंचायत में नियमानुसार जहां बीते अवधि में जहां 76 बैठकें होनी चाहिए थीं, वहां केवल 17 बैठकें ही कराई गईं। इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वार्ड पार्षद बॉबी चौधरी का आरोप है कि मुख्य पार्षद ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए इसे निजी लाभ का जरिया बना लिया, जिसके कारण विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर, उन्होंने अधिनियम की धारा 69 के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य पार्षद को तत्काल पद से हटाने की अपील की है। यह मामला अब प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जब नगर पंचायत सरायरंजन की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी से, उनके विभागीय मोबाइल नंबर पर संपर्क की गयी तो, उन्होंने बताया कि, वार्ड पार्षद महोदया बॉबी चौधरी के द्वारा जो भी आरोप उनके खिलाफ लगाए हैं सभी आरोप झूठा, तथ्यहीन व बेबुनियाद है। सभी प्रकार की बैठक ससमय आयोजित की जाती है। हालांकि इस दौरान सुश्री कुमारी ने यह भी बताया कि, वार्ड पार्षद बॉबी चौधरी ही नही! कुछ अन्य वार्ड पार्षद भी उनके बारे में कुछ ना कुछ आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहते है। जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि, वहलोग नगर पंचायत सरायरंजन की विकास की धारा को अवरूद्ध करना चाहते हैं, लेकिन वह इस प्रकार के आरोप प्रत्यारोप पर ध्यान ना देकर, नगर पंचायत सरायरंजन को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए कटिबद्ध हैं।







