एसडीओ ने परखी योजनाओं की प्रगति,जनकल्याण महाशिविर में सैकड़ों मामलों का हुआ निष्पादन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

विद्यापतिनगर : प्रखंड मुख्यालय परिसर में तीन दिनों से जारी जनकल्याण महाशिविर का गुरुवार को दलसिंहसराय अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और आमजन को सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन की स्थिति तथा लाभुकों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि उन्हें कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।

महाशिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, जीविका, कृषि, बाल विकास परियोजना समेत विभिन्न विभागों से संबंधित दर्जनों मामलों का निष्पादन किया गया। कई लाभुकों को स्वीकृति पत्र एवं योजनाओं से संबंधित लाभ भी प्रदान किए गए। इससे लोगों में संतोष देखा गया।

एसडीओ किशन कुमार ने कहा कि जनकल्याण महाशिविर का उद्देश्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर की उपयोगिता बढ़ाने और लोगों को अधिकाधिक लाभान्वित करने का निर्देश दिया।

मौके पर बीडीओ महताब अंसारी, सीओ कुमार हर्ष, आरओ अरुण कुमार शर्मा, जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति सदस्य धीरेंद्र कुमार सिंह, जिला पार्षद अरुण कुमार सिंह,बीपीएम (जीविका) नवीन गौतम, पीओ (मनरेगा) भूषण मिश्रा, बीएओ अभिषेक कुमार, सीडीपीओ सीमा कुमारी, बीसीओ अजय कुमार, प्रधान लिपिक चंद्रप्रकाश लाल व मुकेश कुमार पाठक सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *