समस्तीपुर। दलसिंहसराय थाना से एक महिला कैदी के फरार हो जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। घटना शुक्रवार, 27 मार्च की अहले सुबह करीब 03:30 बजे की बताई जा रही है। उधर महिला कैदी के दलसिंहसराय थाना के महिला बैरक से फरार होने के बाद ईलाके में हरकंप मची हुई है।

पुलिस गिरफ्त से फरार महिला कैदी दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के केवटा गांव की बतायी जा रही है। जिसे गुरुवार 26 मार्च को एक महिला पुलिस पदाधिकारी ने ही गिरफ्तार किया था व थाने लायी थी। वहीं विश्वसनीय सुत्रों का बताना है कि, पुलिस गिरफ्त से फरार महिला कैदी के खिलाफ बीते वर्ष 2025 में भी गैर-जमानतीय धाराओं में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी थी, और जिस मामले में उक्त महिला को गिरफ्तार किया गया था, वह मामला वर्ष 2026 का है।
हालांकि घटना के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई, और फरार महिला कैदी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापामारी अभियान चला रही है। इस घटना की सबसे बड़ी बात तो यह है कि, जब दलसिंहसराय थाना भवन में महिला हाजत उपलब्ध है तो, गिरफ्तार महिला कैदी को महिला पुलिस कर्मी के बैरक मे क्यों रखा गया था ?
कहीं ऐसा तो नही कि, इस सबके पीछे थानाध्यक्ष दलसिंहसराय ईरशाद आलम के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था ? क्योंकि अक्सर देखा गया है कि, जब भी कोई थानाध्यक्ष किसी गिरफ्तार व्यक्ति से अवैध राशि की उगाही का मंशा पालते हैं तो, उसे थाना में लगे सीसीटीवी फुटेज और हाजत से कहीं अलग रखते हैं, ताकि उनका काम आसानी से हो सके।
आपको बता दें कि, बीते माह फरवरी में भी सदर अस्पताल समस्तीपुर से, एक कैदी दलसिंहसराय थाना के चौकीदार को विदेशी शराब पिलाकर तथा नशे में धुत्त करके फरार हो गया था। जिसे दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा के काबिलियत के बदौलत बरामद भी कर लिया गया था। हालांकि इस मामले में संबंधित चौकीदार को निलंबित भी कर दिया गया था।
अब जबकि यह मामला दलसिंहसराय थाना पर ही घटित हुआ है तो, क्या दलसिंहसराय थानाध्यक्ष इरशाद आलम सहित उक्त मामले की जांच पदाधिकारी, ऑन ड्यूटी ओडी पदाधिकारी व उक्त महिला कैदी की सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी पर कार्रवाई होगी ? हालांकि इस घटना के बाद से दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है, और बार-बार हो रही इस तरह की लापरवाही पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस फरार महिला कैदी की तलाश में जुटी हुई है।
वहीं इस मामले की पुष्टि करते हुए दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि, दलसिंहसराय थाना की एक महिला कैदी पुलिस अभिरक्षा से फरार हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है। बहूत जल्द उस महिला कैदी को बरामद कर लिया जाएगा।







