।समस्तीपुर।विशेष रिपोर्ट।
समस्तीपुर/बिहार: पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आने वाले समस्तीपुर रेल मंडल ने, वित्तीय वर्ष 2025-26 में सिग्नल एवं दूरसंचार (Signal & Telecom) क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है। इन प्रयासों से न केवल तकनीकी ढांचा मजबूत हुआ है, बल्कि यात्री सुविधा, सुरक्षा और ट्रेन संचालन में भी व्यापक सुधार देखने को मिला है।

दूरसंचार (Telecom) क्षेत्र में बड़ी प्रगति
मंडल ने संचार प्रणाली को आधुनिक बनाते हुए समस्तीपुर, दरभंगा, रक्सौल, नरकटियागंज और सहरसा सहित 5 प्रमुख स्थानों पर IP Exchange स्थापित किए हैं। इससे पुराने ISDN सिस्टम को हटाकर तेज और भरोसेमंद नेटवर्क तैयार किया गया है। सकरी और मधुबनी स्टेशनों पर फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) से लैस अत्याधुनिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं। जिससे सुरक्षा निगरानी और भी मजबूत हुई है। इसके अलावा 5 प्रमुख स्टेशनों पर NVR सिस्टम को अपग्रेड कर CCTV फुटेज की स्टोरेज क्षमता 30 दिनों तक बढ़ा दी गई है।
पुराने कंट्रोल रूम को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए कंट्रोल रूम में शिफ्ट किया गया है, जिसमें डाटालॉगर, सिमुलेशन सिस्टम और 10×3 मैट्रिक्स सेंट्रल वीडियो वॉल शामिल है। मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और निर्मली सेक्शन में VOIP आधारित कंट्रोल कम्युनिकेशन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे संवाद पहले से अधिक स्पष्ट और निर्बाध हो गया है।
सिमरी बख्तियारपुर, समस्तीपुर और सहरसा स्टेशनों पर कोच इंडिकेशन बोर्ड (CIB) और ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड (TIB) लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को ट्रेनों की सटीक जानकारी मिल रही है। इसके साथ ही 107 स्टेशनों पर IP-MPLS प्रणाली लागू कर नेटवर्क को हाई-स्पीड, सुरक्षित और बेहतर गुणवत्ता वाला बनाया गया है।
🚦सिग्नलिंग (Signalling) में भी शानदार उपलब्धियाँ
सिग्नलिंग सेक्टर में भी मंडल ने कई अहम कदम उठाए हैं। 30 स्थानों पर EPMs की सीलिंग कर जलभराव से होने वाली खराबियों को कम किया गया है, जिससे खासकर मानसून के दौरान सिग्नल फेल्योर में कमी आई है।
VDNP, NJJ और बेतिया (BTH) स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) प्रणाली लागू की गई है, जिससे ट्रेन संचालन और अधिक सुरक्षित हो गया है। 9 लेवल क्रॉसिंग गेट्स को इंटरलॉक किया गया है, जबकि 16 लेवल क्रॉसिंग पर मैनुअल बैरियर की जगह इलेक्ट्रिक ऑपरेटेड लिफ्टिंग बैरियर (EoLB) लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा और संचालन दोनों में सुधार हुआ है।
6 ब्लॉक सेक्शनों में UFSBI प्रणाली लागू की गई है। साथ ही IPS बैटरियों के 33 सेट बदले गए हैं, जिससे सिग्नल फेल्योर की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। 5 ब्लॉक सेक्शनों में BPAC और 3 स्टेशनों पर फायर अलार्म सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 17 लेवल क्रॉसिंग पर RTU (Remote Terminal Unit) लगाकर रियल टाइम मॉनिटरिंग की सुविधा शुरू की गई है।
सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा की ओर कदम
समस्तीपुर मंडल की ये उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि मंडल लगातार आधुनिक तकनीकों को अपनाकर रेल सेवा को सुरक्षित, विश्वसनीय और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इन पहलों से आने वाले समय में यात्रियों को और बेहतर सुविधा तथा सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है।







