समस्तीपुर। जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने और हथियार प्रदर्शन कर दहशत फैलाने का जुनून युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। ताजा मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र का है। जहाँ एक युवक के हाथ में देशी पिस्टल लहराते हुए वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल है। वायरल वीडियो की पृष्ठभूमि को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि, यह कुछ समय पुराना है। वीडियो में दिख रहा युवक गर्म चादर ओढ़े हुए है, जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि, यह वीडियो ठंड के मौसम के दौरान शूट किया गया था।
हालांकि, अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर काफी तेजी से वायरल हो गया है। इसके तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना अंतर्गत बाघी गांव के वार्ड संख्या 03 स्थित संचालित लकड़ी काटने वाली मशीन आरा मिल के पास का बताया जा रहा है।
वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान स्थानीय स्तर पर बाघी गांव निवासी संजीत राय के पुत्र गुडडू कुमार के रूप में की गई है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह खुलेआम हथियार का प्रदर्शन करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे समाज में गलत संदेश भी जाता है और अपराध को बढ़ावा मिलता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने जिला पुलिस प्रशासन से ऐसे युवकों पर कड़ी निगरानी रखने, उक्त हथियार युवक के पास कहाँ से आई इसका पता लगाने, दोषी युवक के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई अन्य ऐसी हिमाकत न करे।
हालांकि इससे संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जब कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष के सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गयी तो, उनका सरकारी मोबाइल नंबर आउट ऑफ नेटवर्क कवरेज एरिया रहने के कारण उनका पक्ष नही जाना जा सका। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि, अवैध हथियार का प्रदर्शन कर रहे युवक के विरूद्ध कर्पूरीग्राम पुलिस क्या कार्रवाई करती है।







