समस्तीपुर। जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत लखनीपुर महेशपट्टी पंचायत से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित चुरमुन्नी पोखर में छठघाट निर्माण के नाम पर, सरकारी धन का जमकर दुरुपयोग किया गया है।

स्थानीय ग्रामीण अरविन्द कुमार का आरोप है कि, इस योजना के 10 लाख 51 हजार रूपए में से 1-2 लाख रूपए खर्च कर मुखिया, पंचायत सचिव, व कनीय अभियंता की तिकड़ी ने बांकी के 8 लाख रूपए डकार लिए।
शिकायकर्ता अरविन्द कुमार के अनुसार, मुखिया बेनज़ीर बानो, पंचायत सचिव साजन कुमार और कनीय अभियंता (इंजीनियर) चंदन कुमार ने मिलकर, इस पूरी योजना की राशि का बंदरबांट कर लिया है। इतना ही नहीं, मुखिया पति मोहम्मद रिजवी उर्फ भाईजान के कुछ कथित दलालों ने भी इसमें अवैध वसूली किया है।
श्री कुमार का बताना है कि, छठघाट के निर्माण में अत्यंत निम्न स्तर के बालू, सीमेंट व छड़ का प्रयोग किया गया है। घाट अभी से ही जर्जर होने लगा है, जो आने वाले दिनों में छठ व्रतियों की सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ साबित हो सकता है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता अरविन्द कुमार का यह भी बताना है कि, जब इसकी शिकायत लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी दलसिंहसराय व समस्तीपुर से की गयी तो, उजियारपुर BDO (प्रखंड विकास पदाधिकारी) ने बिना सही जांच किए एक फर्जी रिपोर्ट तैयार कर लोक शिकायत कार्यालय को समर्पित कर दिया।
जिस रिपोर्ट के अनुसार उजियारपुर बीडीओ के द्वारा दोषियों को बचाने की पूरी कोशिश की गई है, जिससे प्रशासनिक मिलीभगत भी साफ उजागर होती दिख रही है। श्री कुमार ने बताया कि, अब इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री बिहार सरकार के जनता दरबार का दरबाजा खटखटाएंगे, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, जब तक इस योजना की उच्च स्तरीय जांच किसी स्वतंत्र टीम से नही कराई जाएगी, और चुरमुन्नी पोखर में हुए इस ‘लूट’ के आरोपियों को जेल नही भेजा जाएगा, तब तक वह इस मामले की लड़ाई लड़ते रहेंगे।







