गोलीकांड में घायल ग्रामीण की हालत स्थिर, SDPO दलसिंहसराय स्वयं संदिग्धों से कर रहे पूछताछ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


उजियारपुर/दलसिंहसराय। उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जनकपुर गांव में, बाइक लूट के दौरान हुई गोलीबारी की घटना में घायल स्थानीय ग्रामीण की हालत फिलहाल स्थिर बतायी जा रही है। शनिवार 16 मई की देर शाम हुई इस घटना के बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक छीनने का विरोध करने पर अपराधियों ने स्थानीय ग्रामीण शम्भू सिंह को गोली मार दी थी। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए समस्तीपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। ताजा जानकारी के मुताबिक घायल की स्थिति अब पहले से बेहतर एवं स्थिर बनी हुई है।

इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा, लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार एसडीपीओ ने घटना को लेकर कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की है। हालांकि अब तक पूछताछ में पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि पुलिस इलाके के कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाए हुए है और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंचा जा सकेगा।

घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों द्वारा फिलहाल आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *