प्रसिद्ध चकोठी मठ में करोड़ों की अष्टधातु मूर्तियों की चोरी, सोने-चांदी के आभूषण भी ले उड़े चोर; पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चकोठी मठ में रविवार तड़के हुई बड़ी चोरी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने मंदिर में स्थापित करोड़ों रुपये मूल्य की अष्टधातु की कई प्राचीन मूर्तियों के साथ-साथ लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों पर भी हाथ साफ कर दिया। घटना रविवार 12 जुलाई की रात करीब एक बजे के बाद की बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मठ परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है तथा चोरों के आने-जाने के संभावित रास्तों का पता लगाया जा रहा है।

करोड़ों की अष्टधातु मूर्तियां और बहुमूल्य आभूषण चोरी

मठ के पुजारी ने बताया कि मंदिर में स्थापित कई प्राचीन अष्टधातु की बहुमूल्य मूर्तियां चोरी हो गई हैं। इसके अलावा किशोरी जी, माता लक्ष्मी जी और भगवान राम जी की प्रतिमाओं से सोने की चेन, चांदी का छत्र समेत अन्य बहुमूल्य आभूषण भी चोर अपने साथ ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

ब्रह्म मुहूर्त में खुलता है मंदिर

पुजारी ने बताया कि प्रतिदिन की तरह शनिवार देर रात लगभग 12 बजे के बाद ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर के मुख्य द्वार खोल दिए गए थे। इसके बाद मठ में रहने वाले सभी सेवक मंदिर एवं परिसर की साफ-सफाई में जुट जाते हैं। पुजारी के अनुसार मुख्य द्वार खोलने के बाद वह अपने विश्राम कक्ष में सोने चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मंदिर में प्रवेश कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया।

सुबह जब मंदिर के सेवकों ने पूजा की तैयारी के दौरान मूर्तियों और आभूषणों को गायब देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद पुजारी को सूचना दी गई और तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

कुछ दिन पहले ही हुआ था बड़ा धार्मिक आयोजन

उल्लेखनीय है कि 24 जून को इसी चकोठी मठ परिसर में बड़े धार्मिक समारोह के बीच 24 अवतार धाम की स्थापना की गई थी। इस कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए थे। ऐसे प्रतिष्ठित और चर्चित धार्मिक स्थल पर इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। लोग मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

पुलिस का क्या कहना है

खानपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा एफएसएल टीम की सहायता ली जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क बनी तालाब, सातनपुर चौक पर 500 मीटर तक जलजमाव से लोग परेशान! सीओ, बीडीओ, थानाध्यक्ष, विधायक और सांसद रोज गुजरते हैं, फिर भी नहीं हो रही समस्या का समाधान; 50 से अधिक दुकानदारों की आजीविका पर संकट।

उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क बनी तालाब, सातनपुर चौक पर 500 मीटर तक जलजमाव से लोग परेशान! सीओ, बीडीओ, थानाध्यक्ष, विधायक और सांसद रोज गुजरते हैं, फिर भी नहीं हो रही समस्या का समाधान; 50 से अधिक दुकानदारों की आजीविका पर संकट।