समस्तीपुर। जिले के सरायरंजन थाना अंतर्गत रायपुर बुजुर्ग गांव में, सोमवार 18 मई की दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने, एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बताया जा रहा है कि भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में घुसकर, बदमाशों ने हथियार के बल पर ग्राहकों और सीएसपी कर्मियों को बंधक बना लिया, तथा करीब दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की बतायी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुल पांच अपराधी दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। इनमें चार अपराधी सीएसपी केंद्र के अंदर दाखिल हुए, जबकि एक बदमाश बाहर सड़क पर निगरानी करता रहा।
अंदर घुसते ही अपराधियों ने हथियार निकालकर वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मियों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कैश काउंटर पर रखे करीब दो लाख रुपये की राशि समेट ली और मात्र 30 सेकेंड के अंदर पूरी वारदात को अंजाम देकर आराम से मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान सीएसपी केंद्र में कई ग्राहक मौजूद थे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बदमाशों के जाने के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सरायरंजन थाना को दिया
सूचना मिलते ही सरायरंजन थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ग्राहक सेवा केंद्र व सीएसपी के आसपास सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गयी है, तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं जिला में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।







