समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना अंतर्गत बिरसिंगपुर चौक पर, सोमवार 18 मई की दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने, दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने सेन्ट्रल बैंक ऑफ ईंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) में घुसकर, करीब एक लाख रुपये लूट लिए, और हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 18 मई की दोपहर करीब 2 बजे, एक बाइक पर सवार होकर तीन की संख्या में हथियारबंद बदमाश बिरसिंगपुर चौक स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले केंद्र के अंदर मौजूद लोगों को हथियार के बल पर डराया-धमकाया, फिर कैश काउंटर से करीब एक लाख रुपये लूट लिए, और भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लूट के दौरान बदमाश काफी आक्रामक दिख रहे थे, और लोगों में भय फैलाने के उद्देश्य से बाहर निकलते समय हवाई फायरिंग भी की। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर समस्तीपुर की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर घटना की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक अरविन्द प्रताप सिंह भी, घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। स्थानीय पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में भय का माहौल है और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।







