बिहार सरकार के गृह सचिव बने आईएएस कुंदन कुमार, समस्तीपुर में फिर ताज़ा हुई उनकी कार्यशैली की चर्चा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

पटना। बिहार प्रशासनिक सेवा में अपनी ईमानदार छवि, कड़े प्रशासनिक फैसलों और जनहितकारी कार्यों के लिए चर्चित वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुंदन कुमार ने मंगलवार 26 मई को बिहार सरकार के गृह सचिव पद का पदभार ग्रहण कर लिया। उनके गृह सचिव बनने की खबर के बाद प्रशासनिक महकमे के साथ-साथ आम लोगों में भी नई उम्मीद जगी है। खासकर समस्तीपुर के लोगों के बीच उनकी कार्यशैली और विकास कार्यों की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।

कुंदन कुमार को बिहार के चर्चित “गर्भाशय कांड” के खुलासे के लिए भी जाना जाता है। उनके प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान महिलाओं के अनावश्यक गर्भाशय ऑपरेशन और सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी से जुड़े मामले की गंभीर जांच कराई गई थी। जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ, जिसके बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए थे। इस कार्रवाई की राज्यभर में चर्चा हुई थी और उनकी प्रशासनिक सख्ती की सराहना भी की गई थी।

अपने अब तक के प्रशासनिक जीवन में कुंदन कुमार कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। ईमानदार और कर्मठ अधिकारी की छवि रखने वाले कुंदन कुमार को बिहार सरकार और भारत सरकार द्वारा विभिन्न कार्यों के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है। प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ आम जनता से जुड़ाव उनकी पहचान मानी जाती है।

समस्तीपुर जिला मुख्यालय में पदस्थापना के दौरान उन्होंने शहर की आधारभूत संरचना, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में कई बदलाव किए थे। उनके कार्यकाल में कई योजनाओं को गति मिली और सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति सुधारने की पहल की गई। यही वजह है कि आज भी समस्तीपुर के लोग उन्हें याद करते हैं और एक बेहतर प्रशासक के रूप में उनका नाम लेते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंदन कुमार ने अपने कार्यकाल में प्रशासन को आम जनता के करीब लाने का काम किया। जनसुनवाई से लेकर विकास योजनाओं की निगरानी तक, उनकी कार्यशैली अलग मानी जाती थी। कई लोगों का मानना है कि गृह सचिव के रूप में उनकी नियुक्ति बिहार की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

गृह सचिव का पद संभालने के बाद अब लोगों की उम्मीदें उनसे और बढ़ गई हैं। आम नागरिकों को भरोसा है कि उनकी ईमानदार छवि और प्रशासनिक अनुभव बिहार में बेहतर कानून-व्यवस्था कायम करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *