समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत दादपुर चकनूर गांव में, शुक्रवार 29 मई की अहले सुबह करीब 7 बजे, अपने दरवाजे पर बैठे एक युवक को, उसके ही रिश्ते के भतीजे ने गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दादपुर चकनूर गांव निवासी, सूरज कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सूरज कुमार कोलकाता में रहकर मजदूरी का काम करता था, और कुछ दिन पहले ही अपने गांव आया था।
घटना के संबंध में मृतक के परिजनों से मिली जानकारी अनुसार, मृतक सुरज शुक्रवार 29 मई की सुबह अपने घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था। इसी दौरान आपसी विवाद को लेकर उसके चचेरे भाई ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही सूरज गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोलीबारी की आवाज सुनते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी।
स्थानीय लोगों एवं परिजनों की मदद से घायल सूरज कुमार को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, और पूर्व में भी जेल जा चुका है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस घटनास्थल के साथ-साथ सदर अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुटी हुई है। उधर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाह रही थी, लेकिन परिजन आरोपी की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए अस्पताल में ही डटे रहे।
इधर मुफस्सिल थाने की पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना के बाद दादपुर चकनूर गांव सहित आसपास के इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।









