उजियारपुर में किसान गोष्ठी आयोजित, वैज्ञानिक खेती अपनाने पर दिया गया बल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत रायपुर पंचायत स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान परिसर में, किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के उद्देश्य से किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुशवाहा बीज भंडार के संचालक गुलशन कुमार की अगुवाई में तथा नामदेव उमाजी एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधी शंकर कुमार के सहयोग से किया गया।

गोष्ठी में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों एवं कंपनी के प्रतिनिधियों ने किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा फसलों की अधिक पैदावार के लिए अपनाए जाने वाले वैज्ञानिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने कहा कि बदलते मौसम और कृषि क्षेत्र की चुनौतियों को देखते हुए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना आवश्यक है। इससे उत्पादन लागत कम होगी तथा फसल की गुणवत्ता और उपज में वृद्धि होगी। किसानों को मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरकों के उपयोग, समय पर सिंचाई, जैविक एवं रासायनिक खादों के संतुलित प्रयोग तथा नई कृषि तकनीकों के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से अपनी-अपनी समस्याएं साझा कीं, जिनका समाधान मौके पर ही विस्तार से बताया गया। किसानों को विभिन्न फसलों में लगने वाले रोगों की पहचान एवं उनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों की भी जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर कुशवाहा बीज भंडार के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसानों को समय-समय पर नई कृषि तकनीकों से अवगत कराने तथा बेहतर उत्पादन के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने का आह्वान किया।

गोष्ठी के अंत में किसानों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने की मांग की। आयोजित इस किसान गोष्ठी में राजू कुमार, दिनेश कुमार राज कुमार, अमरेंद्र कुमार, चंदन कुमार, अनिल कुमार, वीरेंद्र सिंह
अनिल राय, राधे राय, रामानंद सिंह, विनोद कुमार सहित क्षेत्र के अनेक प्रगतिशील किसान, कृषि से जुड़े लोग तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *