समस्तीपुर। सदर अस्पताल समस्तीपुर में बीते कुछ समय से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सदर अस्पताल समस्तीपुर के उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार के द्वारा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
यही नहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे मरीजों को अनावश्यक रूप से किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
साथ ही सदर अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। वार्डों, बरामदों एवं अस्पताल परिसरों की नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। अस्पताल में आने वाले लोगों का कहना है कि पहले की अपेक्षा अब सदर अस्पताल समस्तीपुर में व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और बेहतर दिखाई दे रही है।
वहीं इस संबंध में उपाधीक्षक डॉ. गिरीश कुमार ने बताया कि, अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों की नियमित समीक्षा की जाती है, तथा जहां भी किसी प्रकार की कमी दिखाई देती है, उसे दूर करने का हरसंभव प्रयास किया जाता है।
अस्पताल प्रशासन के द्वारा दवा वितरण व्यवस्था, जांच सुविधाओं तथा मरीजों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा गंभीर मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए भी स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।अस्पताल प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी के सुझावों का स्वागत किया जाएगा।
वहीं सदर अस्पताल समस्तीपुर में अपना ईलाज कराने पहुंचे स्थानीय लोगों का मानना है कि, यदि इसी प्रकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रक्रिया जारी रही तो, सदर अस्पताल समस्तीपुर आने वाले दिनों में, जिले के लोगों के लिए और भी अधिक भरोसेमंद स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित हो जाएगा।







